{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 रतलाम में पुलिस बैण्ड की मधुर धुनों के साथ आरक्षक (बैण्ड) भर्ती 2026 का जनजागरूकता अभियान

 
 

रतलाम, 09 अप्रैल (इ खबर टुडे)। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा आरक्षक (बैण्ड) भर्ती वर्ष 2026 के तहत युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से प्रदेशभर में विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को रतलाम शहर में पुलिस बैण्ड दल की आकर्षक प्रस्तुति के माध्यम से भर्ती का प्रचार-प्रसार किया गया।

पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में प्रथम वाहिनी विशेष सशस्त्र बल इंदौर के पुलिस बैण्ड दल ने महाराजा सज्जन सिंह चौराहा पर देशभक्ति से ओत-प्रोत मधुर धुनों की प्रस्तुति दी। बैण्ड की मनमोहक धुनों ने वहां मौजूद नागरिकों और युवाओं का ध्यान आकर्षित किया।

इस दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों ने युवाओं को आरक्षक (बैण्ड) भर्ती प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी और उन्हें अधिक से अधिक संख्या में आवेदन करने के लिए प्रेरित किया। उल्लेखनीय है कि भर्ती के तहत कुल 679 पदों पर सीधी भर्ती की जा रही है, जिसके लिए आवेदन प्रक्रिया 05 अप्रैल 2026 से शुरू होकर 19 अप्रैल 2026 तक एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से जारी रहेगी।

कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक मोहन भर्रावत, निरीक्षक संतोष चौरसिया, उप निरीक्षक कुलदीप देतलिया सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही बड़ी संख्या में आमजन एवं पत्रकार भी इस आयोजन में शामिल हुए। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को पुलिस सेवा से जोड़ना, उन्हें रोजगार के अवसरों की जानकारी देना तथा पुलिस बैण्ड के माध्यम से प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों को आगे आने के लिए प्रोत्साहित करना है।