शासकीय मंदिरों की जमीनों पर दबंगों के कब्जे से पुजारियों में आक्रोश, प्रशासन को दिया अल्टीमेटम
रतलाम, 09 अक्टूबर (इ खबर टुडे)। जिले के शासकीय एवं प्राचीन मंदिरों की अति कीमती भूमियों पर भू-माफियाओं और दबंगों के बढ़ते अवैध कब्जों को लेकर राष्ट्रीय मठ मंदिर संघ एवं अखिल भारतीय पुजारी संघ ने मोर्चा खोल दिया है।
रतलाम प्रेस क्लब में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान संघ के अध्यक्ष रघु बैरागी ने जिला प्रशासन को कड़ा अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि शासकीय मंदिरों की भूमि को अतिक्रमण से जल्द मुक्त नहीं कराया गया, तो उग्र धरना-प्रदर्शन और आंदोलन किया जाएगा। इसके बाद भी जिम्मेदार अधिकारी नहीं जागे, तो पुजारी वर्ग स्वयं अतिक्रमण हटाएगा, जिसकी संपूर्ण जवाबदारी जिला प्रशासन की होगी।
धूप-दीप और आरती के लाले, जिम्मेदार अधिकारी बेखबर
प्रेस वार्ता में पुजारियों ने अपनी व्यथा सुनाते हुए बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों में स्थिति अत्यंत दयनीय बनी हुई है। आलम यह है कि वहां धूप, दीप, आरती और प्रसाद तक का खर्च निकालना दूभर हो गया है। नियमानुसार इन मंदिरों की देखरेख और व्यवस्था की जिम्मेदारी क्षेत्र के तहसीलदार और एसडीएम (SDM) की है, लेकिन वे कभी मौके पर जाकर निरीक्षण तक नहीं करते।
धामनोद का उदाहरण देते हुए संघ ने आरोप लगाया कि वहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मंदिर तथा मंदिर की भूमि पर कब्जा कर रखा है। भू-माफियाओं और स्थानीय दबंगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे मंदिरों की कृषि भूमियों का अवैध दोहन कर रहे हैं और विरोध करने पर पुजारियों पर अत्याचार किया जा रहा है। पुजारियों ने बताया कि पूर्व में कलेक्टर और एसडीएम को ज्ञापन सौंपने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
पुजारियों की मांगें
अतिक्रमणों से तत्काल मुक्ति: जिले के प्राचीन एवं ऐतिहासिक मंदिरों की कृषि व गैर-कृषि भूमियों से सभी अवैध कब्जे प्रशासन तत्काल हटाए। मध्य प्रदेश शासन के वर्ष 2008 के स्पष्ट आदेशों और अदालती निर्णयों के तहत शासन नियंत्रित मंदिरों की सूची से 'निजी देवस्थानों' को अलग कर पृथक सूची बनाई जाए और पुजारियों का वंशानुगत नामांतरण दर्ज किया जाए।अनाधिकृत कब्जा हटवाकर मूल पुजारी व सेवादार को पुनः कब्जा दिलाया जाए। मंदिर संपत्तियों को हड़पने वाले असामाजिक तत्वों एवं भू-माफियाओं के विरुद्ध कठोर आपराधिक धाराओं में मामले दर्ज हों। मंदिर कृषि भूमि पर निर्भर पुजारियों को सामान्य कृषकों की भांति 'ग्रीन कार्ड' जारी कर खाद, बीज व अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाए।
पत्रकार वार्ता में संघ अध्यक्ष रघु बैरागी के साथ अखिल भारतीय पुजारी संघ के जिलाध्यक्ष मुकेश शर्मा, सैलाना से रमेश बैरागी, महेंद्र दास बैरागी (नामली), रतनदास बैरागी (उपलई) सहित बड़ी संख्या में संघ प्रतिनिधि और पुजारी उपस्थित रहे।