{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 रतलाम / फर्जी शादी के धोखाधड़ी के मामले को वापस लेने का दबाव, समाज से बहिष्कृत कर गांव से निकालने का फरमान

 

 

​रतलाम, 27 अक्टूबर (इ खबर टुडे)। जिले के बाजना क्षेत्र में एक परिवार को फर्जी तरीके से मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत शादी कराने के मामले में दर्ज धोखाधड़ी  का केस वापस लेने का दबाव बनाने और ऐसा न करने पर समाज से बहिष्कृत कर गांव से बाहर निकालने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर दबंगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।  
​
​प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाजना निवासी श्रीमती शहनाज बी पत्नी आबिद के परिवार के खिलाफ मुस्लिम समाज के कुछ लोगों द्वारा लगातार दबाव बनाया जा रहा है। शहनाज बी के परिवार ने सैलाना न्यायालय में फर्जी शादी और धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवा रखा है, जो विचाराधीन है। आरोप है कि आरोपी पक्ष इस केस को वापस लेने के लिए लगातार प्रताड़ित कर रहा है।

​मस्जिद के बाहर मीटिंग कर सुनाया तुगलकी फरमान
​
पीडि़ता द्वारा मामला वापस न लेने पर 25 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे मस्जिद के बाहर कुछ लोगों की भीड़ एकत्रित हुई। आरोप है कि जफर पठान (सदर), हुसैन पठान, फिरोज पठान, इमरान मकरानी, बशीर मकरानी, सद्दाम मकरानी और शाहरुख उर्फ सद्दाम ने मिलकर शहनाज बी के परिवार को समाज से बहिष्कृत करने का फरमान जारी कर दिया।

​दबंगों ने चेतावनी दी कि जो भी परिवार से बातचीत करेगा, उसका भी सामाजिक बहिष्कार कर दिया जाएगा। साथ ही उन्हें गांव में न रहने और बाजना में दिखाई न देने की धमकी दी गई है। विरोध करने पर दबंगों ने मीटिंग के दौरान लोगों के मोबाइल छीनने और मस्जिद के कैमरे बंद करने जैसी हरकतें भी कीं।

​प्रशासन से न्याय की गुहार

​पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक और जिला कलेक्टर को दिए गए आवेदन में न्यायालय में चल रहे दस्तावेजों का हवाला देते हुए इन दबंगों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।