{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 रतलाम के पुलिसकर्मी ने मायके में रह रही पत्नी पर किया चाकू से हमला,आरक्षक के खिलाफ प्रकरण दर्ज 

 
 

रतलाम 22  जनवरी (इ खबर टुडे)। शहर के स्टेशन रोड थाने पर  पदस्थ एक आरक्षक ने नीमच में अपने मायके में रह रही पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। बीच बचाव करने आए सास का भी आरक्षक ने गला दबा दिया। पुलिस ने आरक्षक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शहर के स्टेशन रोड थाने पर  पदस्थ आरक्षक हरिसिंह बावरी बीते दिन बुधवार रात को शराब के नशे में पत्नी जीवनबाला को लेने नीमच स्थित ग्राम केलुखेड़ा में अपने  ससुराल पहुंचा। पत्नी ने उसके साथ आने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर आरक्षण और पत्नी के बीच विवाद होने लगा। विवाद इतना बढ  गया कि आरक्षक ने अपनी जेब से चाकू निकाला और पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले से पत्नी की उंगलियों में गंभीर चोट आई। बीच बचाव करने आई सास का भी आरक्षक ने गला दबाया और उसे भी  जान से मारने की धमकी देने लगा। 

घायल पत्नी को परिजन तुरंत अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। पत्नी ने बताया कि आरक्षक पति उसे डराता धमकाता रहता है। इस वजह से वह छह माह से मायके में ही रह रही है। रात में मेरे पति नशे में आए और झगड़ा करते हुए चाकू से हमला कर दिया। नीमच सिटी थाना पुलिस ने आरोपी आरक्षक हरिसिंह बावरी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है।