रतलाम / तीन थाना क्षेत्रों में सट्टे-जुए के अड्डों पर पुलिस की दबिश, नौ आरोपी गिरफ्तार
रतलाम,24 जुलाई (इ खबर टुडे)। शहर में अवैध जुए और सट्टे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए रतलाम पुलिस ने एक साथ तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापामार कार्रवाई की है। इस दौरान पुलिस ने नौ आरोपियों को जुआ और सट्टा खेलते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से ताश के पत्ते, सट्टा सामग्री और 10,200 रुपये से अधिक की नगदी बरामद की गई है। सभी के खिलाफ संबंधित थानों में जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस को गुरुवार को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत विनोबा नगर स्थित विद्युत मंडल के पीछे कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर टीम ने तुरंत घेराबंदी कर दबिश दी और मौके से पांच आरोपी कुलदीप पिता अमर सिंह 22 वर्षीय निवासी थावरिया बाजार थाना स्टेशन रोड, केशव पिता बन्टी परिहार 21 वर्षीय निवासी जुनी कलाल सेरी रतलाम थाना स्टेशन रोड़, धर्मेन्द्र पिता गोपाल राठौर 20 वर्षीय निवासी मालीकुआ थाना माणकचौक, नितिन पिता आनन्द मारू 41 वर्षीय निवासी हाट की चौकी थाना डीडीनगर, रवि पिता भोलाजी कतिरिया 33 वर्षीय निवासी गौशाला रोड़ थाना डीडीनगर को गिरफ्तार किया। इनके पास से ताश के पत्तों के साथ 9,380 नगद रुपए जप्त किए गए।
दूसरा मामला स्टेशन रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत पोलो ग्राउंड मेला पर दबिश देते हुए तीन आरोपी इमरान पिता रेहमान खान 42 वर्षीय निवासी मिल्लत नगर रतलाम, आसीफ पिता कामील हुसैन 35 वर्ष निवासी मोचीपुरा, अकबर पिता अयुब शाह फकीर 32 साल निवासी मोचीपुरा रतलाम को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से जुआ सामग्री सहित ₹370 नगद बरामद किए।
तीसरा मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने राजेंद्र नगर स्थित हनुमान मंदिर के पीछे सार्वजनिक स्थान पर कार्रवाई करते हुए सट्टे का अंक लिखते एक युवक आरोपी: रवि कथेरिया (25) वर्षीय को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से सट्टा पर्ची, लिड पेन और 450 रुपए नगद बरामद किए गए।
पुलिस प्रशासन के अनुसार शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और सट्टे-जुए जैसी अवैध गतिविधियों को पूरी तरह समाप्त करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर वैधानिक जांच शुरू कर दी है।