रतलाम / रात के अंधेरे में चल रहे जुए के अड्डे पर पुलिस की दबिश, 9 गिरफ्तार; 1.85 लाख रुपये नकद व वाहन जब्त
रतलाम, 21 नवंबर (इ खबर टुडे)। थाना दीनदयाल नगर पुलिस ने ग्राम लालगुवाड़ी के पास वागेडिया फंटा क्षेत्र में चल रहे अवैध जुए के फड़ पर दबिश देकर 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से कुल 1,85,000 रुपये नकद, 52 ताश के पत्ते, दोपहिया और चारपहिया वाहन सहित रोशनी व अन्य सामग्री जब्त की है। मामले में मध्य प्रदेश पब्लिक गैंबलिंग एक्ट की धारा 13 के साथ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, बीते दिन शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम लालगुवाड़ी और आसपास के क्षेत्र में ताश पत्तों व रुपयों से हार-जीत का जुआ खेला जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई की रणनीति बनाई और शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात वागेडिया फंटा, मंदिर के पास ग्राम लालगुवाड़ी में दबिश दी। पुलिस को देखकर जुआरी भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों में जगदीश भाभर (45, लालगुवाड़ी, रतलाम), मुकेश मावी (30, ग्राम कजलोरा, जिला धार), भरत भुरिया (20, ग्राम बोरदा, रतलाम), अक्षय टाक (30, करमदी रोड, चमारिया नाका, रतलाम), राजू टाक (40, करमदी रोड, रतलाम), अबरार हुसैन (27, रेल नगर, रतलाम), नगरसिंह मईडा (60, विवेकानंद कॉलोनी, झाबुआ), पीयूष जैन (35, रामगढ़, रतलाम) और इमरान खान (30, भोजमार्ग, झाबुआ) शामिल हैं।
1.85 लाख नकद, कार-बाइक और बैटरी जब्त
पुलिस जांच में फड़ से 1,07,500 रुपये व 25 ताश के पत्ते तथा आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग राशि (9,500, 18,000, 4,500, 8,500, 7,000, 5,000, 4,500, 11,000 और 9,500 रुपये) व 27 ताश के पत्ते सहित कुल 1,85,000 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए गए।
इसके अलावा बिना नंबर की सुजुकी एक्सेस स्कूटी, मोटरसाइकिल (MP.43.DM.3268), स्विफ्ट डिजायर कार (GJ.19.AF2965), मोबाइल फोन तथा रोशनी के लिए लगाई गई एमरोन बैटरी, हैलोजन लाइट और वायर भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड पाए जाने और संगठित रूप से जुआ खिलाने पर धारा 112(1) BNS जोड़ी गई है।
भागने की कोशिश में घायल हुए आरोपी, जुलूस भी निकला
दीनदयाल नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया कि दबिश के दौरान पुलिस को देखकर भागने के प्रयास में दो आरोपी गिरने से घायल हो गए, जिन्हें पैरों में चोट आई है। घायल आरोपियों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रतलाम ले जाया गया।
वहीं, शनिवार को न्यायालय में पेशी के लिए ले जाते समय पुलिस वाहन में तकनीकी खराबी आने के बाद पुलिस ने आरोपियों को दीनदयाल नगर थाने से बाजना बस स्टैंड तक पैदल निकाला, जिसमें दो आरोपी लंगड़ाते हुए चलते दिखाई दिए।