रतलाम / पुलिस ने 10 लाख की एमडी ड्रग्स के साथ दो तस्कर किए गिरफ्तार, एक फरार
रतलाम, 10 जून (इ खबर टुडे)। जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत रतलाम पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। रिंगनोद पुलिस ने घेराबंदी कर दो शातिर ड्रग तस्करों को दबोचा है, जिनके कब्जे से 100 ग्राम अवैध एमडी (MD) ड्रग्स बरामद की गई है। जब्त की गई इस ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी जा रही है। मामले का एक आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल और एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रिंगनोद आनंद सिंह आजाद के नेतृत्व में पुलिस टीम काम कर रही थी।
इसी दौरान बीते दिन बुधवार को चौकी प्रभारी उनी रघुवीर जोशी को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बरखेड़ी फंटा महु-नीमच फोरलेन हाईवे ढोधर पर घेराबंदी की और संदिग्धों को दबोच लिया। एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के प्रावधानों के तहत जब आरोपियों की तलाशी ली गई, तो उनके पास से 100 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई।
पकड़े गए और फरार आरोपी
पुलिस ने मौके से दो आरोपी अरबाज पिता हुसैन खाँ मेवाती 22 वर्षीय, निवासी चूना भट्ठा के पास, दलौदा, जिला मन्दसौर, मंगलेश पिता जिता भाई हटीला 23 वर्षीय, निवासी इन्दिरा आवास, दलौदा, जिला मन्दसौर को गिरफ्तार किया है, जबकि उनका एक साथी विष्णु, निवासी दलौदा, जिला मन्दसौर भागने में सफल रहा। पुलिस इसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है।
चौकी प्रभारी उनी रघुवीर जोशी के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि वे यह अवैध ड्रग्स कहाँ से लेकर आ रहे थे और रतलाम व आसपास के इलाकों में किसे सप्लाई करने वाले थे। इस रैकेट से जुड़े अन्य नामों का खुलासा होने की भी उम्मीद है।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक आनंद सिंह आजाद (थाना प्रभारी रिंगनोद), उपनिरीक्षक रघुवीर जोशी (चौकी प्रभारी ढोढर), प्रधान आरक्षक सुधीरसिंह राठौर, आरक्षक रविन्द्रसिंह, आरक्षक नरेन्द्रसिंह जगावत, आरक्षक शोभाराम शर्मा, महिला आरक्षक निशा दांडीग एवं सैनिक छत्रपालसिंह की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।