एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधारोपण करें, अंकुर एप पर होगी प्रविष्टि: कलेक्टर
रतलाम, 06 जुलाई (इ खबर टुडे)। कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में सोमवार को कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में समयसीमा (टीएल) पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएम हेल्पलाइन, समय अवधि के पत्रों सहित विभिन्न विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली जैन, एडीएम ब्रजेंद्र कुमार रावत, निगम आयुक्त अनिल भाना सहित सभी एसडीएम व विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान की समीक्षा करते हुए सभी विभाग प्रमुखों को खुद का लक्ष्य निर्धारित कर अधिक से अधिक पौधारोपण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधों की लोकेशन आधारित फोटोग्राफी 'अंकुर वायुदूत एप' पर ऑनलाइन दर्ज की जाए।
मानसून को लेकर अलर्ट: जर्जर भवन ढहाने और साइनबोर्ड लगाने के निर्देश
आगामी मानसून को देखते हुए कलेक्टर ने पंचायत स्तर तक अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लिस्ट साझा करने के निर्देश दिए। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और झरनों जैसे प्रमुख स्थलों पर होमगार्ड जवानों की तैनाती और साइनबोर्ड (साइनेज) लगाने को कहा गया है।
जिले के जर्जर भवनों को अनुपयोगी घोषित कर तुरंत डिस्मेंटल (ढहाने) करने तथा पेड़ों की छंटाई के निर्देश दिए गए। नगर निगम आयुक्त को सड़कों के गड्ढे भरने और जलभराव रोकने के लिए जल निकासी की सुचारू व्यवस्था करने को कहा गया। बिजली कंपनी के अधिकारियों को ढीले तारों को कसने, ट्रांसफार्मर व्यवस्थित करने, बिजली चोरी रोकने और अमानक कनेक्शन हटाने के सख्त निर्देश दिए गए।
शासकीय कार्यालयों में लगेंगे रूफ वाटर हार्वेस्टिंग और सोलर टॉप
कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालयों में रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम इंस्टॉल करवाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए मेडिकल कॉलेज, एसपी ऑफिस और कलेक्टर ऑफिस में सोलर रूफटॉप लगाने की व्यवस्था करने को कहा गया।
अन्य प्रमुख निर्देश
सभी विभाग अधोसंरचना और नवाचार आधारित प्रस्ताव तैयार कर जन प्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित करें। शासकीय योजनाओं के बैंक आधारित भुगतान के लिए अधिकारी शुक्रवार को खुद हितग्राहियों को ले जाकर लाभ दिलाएं। एसडीएम जावरा को चौपाटी के पास जमीन रजिस्ट्री मामले का मौका मुआयना करने और मुख्यमंत्री की घोषणा अनुसार खेल मैदान के लिए जमीन चिन्हांकित करने के निर्देश दिए।प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुँचाने की बात कही गई।