रतलाम में रोजगार के बड़े अवसर: ITI में आज लगेगा प्लेसमेंट कैंप, आंगनवाड़ी के 93 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन शुरू
रतलाम, 1 जुलाई(इ खबर टुडे)। जिले के युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार के शानदार अवसर सामने आए हैं। एक तरफ जहां 2 जुलाई को शासकीय आईटीआई में मारुति सुजुकी द्वारा 200 पदों पर भर्ती के लिए प्लेसमेंट कैंप आयोजित किया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ महिला एवं बाल विकास विभाग ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के 93 रिक्त पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) के प्राचार्य ने बताया कि 2 जुलाई को सज्जन मिल के सामने, सैलाना रोड स्थित आईटीआई परिसर में मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के हंसलपुर प्लांट के लिए प्लेसमेंट कैंप लगाया जाएगा। इसमें लगभग 200 रिक्त पदों पर केवल पुरुष आवेदकों की भर्ती की जाएगी।
इसमें योग्यता 10वीं में न्यूनतम 40% और आईटीआई में 50% अंकों के साथ उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। आयु सीमा 18 से 26 वर्ष (25 वर्ष 11 माह तक) रहेगी। वेतन/स्टाइपेंड एफटीसी (36 माह) के लिए 28,300 प्रतिमाह और अप्रेंटिसशिप (12 माह) के लिए 21,200 प्रतिमाह सीटीसी मिलेगा।
कैसे शामिल हों
इच्छुक अभ्यर्थी 2 जुलाई को सुबह 10:00 बजे अपने मूल प्रमाण-पत्रों और दस्तावेजों के साथ आईटीआई परिसर पहुंचें। भर्ती से जुड़ी शर्तें कंपनी द्वारा साक्षात्कार के समय बताई जाएंगी। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन गूगल फॉर्म लिंक ([https://forms.gle/Cyhfpd8r6HS8KdHk9](https://forms.gle/Cyhfpd8r6HS8KdHk9)) पर किया जा सकता है।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका के 93 पदों पर 13 जुलाई तक करें आवेदन
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी के अनुसार, जिले में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के 31 और आंगनवाड़ी सहायिका के 62 (कुल 93) रिक्त पदों को भरने के लिए एमपी ऑनलाइन के माध्यम से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
ऑनलाइन आवेदन 1 जुलाई से शुरू हो चुके हैं। फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 13 जुलाई 2026 और त्रुटि सुधार की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 तय की गई है। केवल ऑनलाइन आवेदन ही स्वीकार्य होंगे। योग्यता व आयु न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता हायर सेकेंडरी (12वीं पास) और आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
परियोजनाओं के अनुसार रिक्त पदों का विवरण
परियोजना रतलाम ग्रामीण क्रं.1 में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का 1 रिक्त पद तथा आंगनवाड़ी सहायिका के 02 रिक्त पद है, रतलाम ग्रामीण क्रं. 02 में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के 02 आंगनवाड़ी सहायिका के 03 रिक्त पद, परियोजना सैलाना में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के 06 आंगनवाड़ी सहायिका के 17, परियोजना जावरा ग्रामीण में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के 02 आंगनवाड़ी सहायिका के 10, परियोजना रतलाम शहर क्रं. 1 में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के 02 आंगनवाड़ी सहायिका के 03, परियोजना रतलाम शहर क्रं. 2 में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के 01 आंगनवाड़ी सहायिका के 07, परियोजना पिपलौदा में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के 05 आंगनवाड़ी सहायिका के 05, परियोजना आलोट में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के 06 आंगनवाड़ी सहायिका के 03, परियोजना बाजना में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के 06 आंगनवाड़ी सहायिका के 12 पद रिक्त है।
विस्तृत जानकारी के लिए संबंधित ब्लॉक के परियोजना अधिकारी या जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है। आंगनवाड़ी केंद्रवार रिक्तियों की सूची संबंधित कार्यालय के नोटिस बोर्ड, चयन पोर्टल ([https://chayan.mponline.gov.in](https://chayan.mponline.gov.in)) और विभागीय वेबसाइट ([https://mpwcdmis.gov.in](https://mpwcdmis.gov.in)) पर देखी जा सकती है।