चांदनी चौक क्षेत्र में पेटलावद जैसा कांड, बंदूक की दुकान में हुआ धमाका
रतलाम, 26 जनवरी (इ खबर टुडे)। शहर के चांदनी चौक क्षेत्र में एक आज एक बड़ा धमाका हो गया है। जिससे क्षेत्र में अफरा तफरी का माहौल निर्मित हो गया। बड़ी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस पहुंची। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शहर के मुख्य बाजार चांदनी चौक क्षेत्र में यूसुफ भाई की बंदूक की दुकान पर आज दोपहर जोरदार धमाका हो गया। धमाके में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। धमाके की आवाज से आसपास के क्षेत्र के रहवासी बड़ी संख्या में घटना स्थल पर पहुंच गए हैं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां एवं एंबुलेंस सहित पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है।
रहवासियों द्वारा बताया जा रहा है कि बंदूक की दुकान में वेल्डिंग का काम किया जा रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। खबर लिखे जाने तक कितने लोग घायल हुए हैं, इसकी जानकारी नहीं हो पाई है। गनीमत रही की कोई बड़ा हादसा होने से टल गया। फिलहाल घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। फायर ब्रिगेड की गाड़ियो ने आग पर काबू पा लिया है, परंतु दुकान में बारूद होने के कारण थोड़ी समस्या हो रही है। मौके पर अतिरिक्त पुलिसअधीक्षक राकेश काका एवं नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया मौजूद है।