रतलाम / पटवारी पर जानलेवा हमले के विरोध में एकजुट हुए पटवारी, खनन माफियाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग
रतलाम, 27 जुलाई (ई खबर टुडे)। जिले के आलोट तहसील क्षेत्र में अवैध खनन रोकने गए पटवारी पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में सोमवार को जिलेभर के पटवारी एकजुट हो गए। पटवारी संघ के आह्वान पर विश्राम गृह से रैली निकालकर तहसील कार्यालय तक प्रदर्शन किया गया और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम देवगढ़ में नदी की पुलिया के पास अवैध खनन की सूचना मिलने पर पटवारी अजय चौहान मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि अवैध खनन में लगे माफियाओं ने जेसीबी मशीन की सूंड से उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना से राजस्व विभाग के कर्मचारियों में भारी आक्रोश है।
पटवारी संघ ने इस हमले को शासन-प्रशासन के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि खनन माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे अब शासकीय कर्मचारियों पर भी हमला करने से नहीं चूक रहे। संघ ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों को तत्काल गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की।
विश्राम गृह से निकली रैली में बड़ी संख्या में पटवारी शामिल हुए। उनके हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर खनन माफियाओं के विरोध में नारे लिखे हुए थे। प्रदर्शन के दौरान पटवारियों ने जमकर नारेबाजी की और अवैध खनन पर नियंत्रण में प्रशासन की कथित लापरवाही पर भी सवाल उठाए।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन जारी है, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से माफियाओं का मनोबल बढ़ता जा रहा है। अब स्थिति यह हो गई है कि अवैध खनन रोकने गए पटवारी पर भी हमला किया जा रहा है।
ज्ञापन कार्यक्रम में रतलाम, आलोट और जावरा क्षेत्र के कई पटवारी संघ पदाधिकारी पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि जल्द ही हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं हुई और उनके खिलाफ बुलडोजर सहित कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो पटवारी संघ उग्र आंदोलन करेगा।
पटवारियों ने यह भी कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित किए बिना वे अवैध खनन के विरुद्ध कार्रवाई करने में असमर्थ हैं। संघ ने राजस्व अमले की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था करने की मांग भी प्रशासन से की है।