सड़क सुरक्षा की अनोखी मिसाल: पटेल मोटर्स और यातायात पुलिस ने बांटे 150 से अधिक नि:शुल्क हेलमेट
रतलाम, 04 जुलाई (इ खबर टुडे)। शहर के व्यस्ततम दो बत्ती घोड़ा चौराहे पर शनिवार दोपहर एक बेहद सराहनीय और अनोखा नजारा देखने को मिला। सामाजिक सरोकार और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पटेल मोटर्स ने यातायात पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष कैंप का आयोजन किया। इस दौरान बिना हेलमेट चल रहे दोपहिया वाहन चालकों को रोककर उन्हें फूलमाला पहनाने के बजाय, सुरक्षा की गारंटी यानी नि:शुल्क हेलमेट सौंपे गए।
शनिवार दोपहर करीब 1:00 बजे आयोजित इस अभियान में यातायात पुलिसकर्मियों के सहयोग से 150 से अधिक हेलमेट का वितरण किया गया। अचानक पुलिस द्वारा रोके जाने पर पहले तो वाहन चालक थोड़ा हिचकिचाए, लेकिन जब उन्हें मुफ्त में ब्रांडेड हेलमेट पहनाकर सुरक्षित यात्रा का संकल्प दिलाया गया, तो उनके चेहरों पर मुस्कान बिखर गई।
जान है तो जहान है: इस अभियान का मुख्य उद्देश्य दोपहिया वाहन चालकों को सिर की गंभीर चोटों और जान के खतरे से बचाना तथा उनमें यातायात नियमों के प्रति जागरूकता पैदा करना था।
ये रहे मौजूद
इस सराहनीय पहल को सफल बनाने में पटेल मोटर्स के जनरल मैनेजर विष्णु सविता, सेल्स मैनेजर पृथ्वीराज सिंह सहित समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा। वहीं यातायात पुलिस की ओर से थाना प्रभारी राजशेखर वर्मा और सूबेदार अनोखी लाल परमार सहित अन्य पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी के साथ सहयोग करते रहे।