त्रिवेणी संगम पर पूजा-अर्चना: रिंगनोद सेक्टर में जल गंगा संवर्धन अभियान की रूपरेखा तैयार
रतलाम/जावरा, 21 मई (इ खबर टुडे)। जल गंगा संवर्धन कार्यक्रम के अंतर्गत मनकामनेश्वर महादेव मंदिर पर रिंगनोद सेक्टर स्तर की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। जन अभियान परिषद के आह्वान पर आयोजित इस बैठक में जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।
नवांकुर समिति 'अटल ग्राम विकास सामाजिक संगठन' द्वारा आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक समन्वयक युवराज सिंह पंवार ने की। बैठक के दौरान श्री पंवार ने पिछले माह के कार्यों की समीक्षा की और आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि अभियान के द्वितीय चरण के तहत तालाब व नदी गहरीकरण और जलस्रोतों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
गंगा दशमी पर विभिन्न गांवों में तय हुआ कलश यात्रा का समय
बैठक में अटल ग्राम के अध्यक्ष अभय कोठारी ने 25 मई को गंगा दशहरे पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर भव्य कलश यात्रा, दीप प्रज्वलन और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। यात्रा के कार्यक्रम समय तय किऐ गये जिसमें गोठडा मे प्रातः 8.30 बजे,गोंदी शंकर में प्रातः 9.00 बजे, कांकरवा बालाजी में प्रातः 10 बजे, मेहंदी मे 11 बजे एवं रिंगनोद मे साय 5 .00 बजे का समय तय किया गया।
त्रिवेणी संगम पर हुआ श्रमदान और महाआरती
बैठक के पश्चात चंबल, मलेनी और पिंगला नदी के ऐतिहासिक त्रिवेणी संगम स्थल पर नदी पूजन किया गया। इस दौरान उपस्थित नागरिकों व प्रबुद्धजनों ने नदी घाट पर श्रमदान किया और जल संरक्षण की सामूहिक शपथ ली। संगम स्थल पर स्थित प्राचीन मंदिर में भगवान मनकामनेश्वर की महाआरती की गई, जिसमें क्षेत्र में पर्याप्त वर्षा, सुख-समृद्धि और सभी के निरोगी जीवन की कामना की गई।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर जन अभियान परिषद के विकास खंड समन्वयक युवराज सिंह पंवार, अटल ग्राम के अध्यक्ष अभय कोठारी, समाजसेवी जगदीश उपमन्यु, वीरेंद्र सिंह चौहान, परामर्शदाता बबलू बैरागी, अंकित ठाकुर, कांकरवा समिति के अध्यक्ष रामगोपाल विश्वकर्मा, मेहंदी के अध्यक्ष संग्राम सिंह भाटी, गोंदी शंकर समिति के आशीष जोशी, दीपक त्रिवेदी, कमल पांचाल, महेश शर्मा और अर्पित पुरी सहित कई ग्रामीण व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन अंकित ठाकुर ने किया।