मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुधार के लिए मास्टर ट्रेनर्स की उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित
रतलाम 4 जून(इ खबर टुडे )। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशानुसार जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय में ग्लोबल व्हील फाउंडेशन द्वारा प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं पर्यवेक्षकों की उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री राम निवास बुधोलिया सहित आंगनवाडी कार्यकर्ता उपस्थित थी।
कार्यशाला में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। साथ ही मातृ मृत्यु दर एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए विभिन्न गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की गई। प्रशिक्षण प्राप्त मास्टर ट्रेनर्स द्वारा जिले की सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम 8 जून से 12 जून के मध्य आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण के पश्चात गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा कुपोषित बच्चों का पंजीयन कर उनकी स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जाएगी, जिससे उन्हें समय पर आवश्यक स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।