{"vars":{"id": "115716:4925"}}

पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती: रात में सील किया गया अवैध ढाबा, अगले ही दिन फिर शुरू हुई शराबियों की महफिल (देखिए वीडियो)

 

 

​रतलाम, 11 जुलाई (इ खबर टुडे)। औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत गांधीनगर वार्ड क्रमांक-1 में कानून और पुलिस प्रशासन के खौफ को ठेंगा दिखाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शुक्रवार रात जिस अवैध ढाबे पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील किया था, शनिवार को वह ढाबा पुलिसिया कार्रवाई को धता बताते हुए दोबारा चालू पाया गया।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांधीनगर स्थित 'चटाका टाउन ढाबा' पर अवैध रूप से शराब परोसी जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) राकेश पंद्रो के नेतृत्व में औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी गायत्री सोनी सहित पुलिस बल ने ढाबे पर औचक छापेमारी की।

​कार्रवाई के दौरान ढाबे के भीतर शराबियों की महफिल सजी हुई थी और उन्हें सरेआम शराब पिलाई जा रही थी। पुलिस दल ने मौके से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की और तत्परता दिखाते हुए उक्त अवैध ढाबे को सील कर दिया।

​दावों की खुली पोल, नियमों की उड़ी धज्जियां
​इस बड़ी कार्रवाई के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो ने बताया था कि मुखबिर की सूचना पर यह सख्त कदम उठाया गया है और ढाबे को पूरी तरह नेस्तनाबूद करने की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

​प्रशासनिक मुस्तैदी पर उठे सवाल
लेकिन पुलिस के इन दावों की पोल अगले ही दिन खुल गई। सील होने के बावजूद, दूसरे ही दिन शनिवार को उक्त ढाबा अपने पुराने लाव-लश्कर के साथ दोबारा खुल गया। ढाबा संचालक बेफिक्र होकर प्रदेश शासन के नियमों की धज्जियां उड़ाते नजर आए और अंदर बिठाकर शराबियों को शराब परोसने का धंधा धड़ल्ले से दोबारा शुरू कर दिया गया।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/2TLOpNnYAg4?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/2TLOpNnYAg4/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

​अब देखना यह है कि पुलिस प्रशासन को इस तरह सरेआम चुनौती देने वाले ढाबा संचालक के खिलाफ विभाग क्या सख्त और दंडात्मक कदम उठाता है।