रतलाम / वन स्टॉप सेंटर द्वारा कार्यशाला का आयोजन, सुरक्षित वातावरण और परामर्श से महिलाओं को मिल रही नई दिशा
रतलाम, 27 अप्रैल (इ खबर टुडे)। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग रामनिवास बुधोलिया के मार्गदर्शन एवं सहायक संचालक भारती डांगी के निर्देशन मे शासकीय नवीन कन्या शाला कालिका माता में वन स्टॉप सेंटर एवं उसके कार्यों की जानकारी देने हेतु कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई स्वागत भाषण इनर व्हील क्लब अध्यक्ष बबीता श्रीवास्तव ने देते हुए क्लब के द्वारा किए जा रहे कार्य की जानकारी से सदन को अवगत कराया।
वन स्टॉप सेंटर परामर्शदाता रेखा गुर्जर ने बताया कि केंद्र प्रशासक नीता परिहार और हमारी टीम द्वारा 18 वर्ष से ऊपर की बच्चियों एवं महिलाएं जो बिना बताए या परेशानियों के कारण घर से निकल जाती है उन्हें वन स्टॉप सेंटर पर 5 दिवस के लिए रखा जाता है। इस बीच उनका पूरी टीम द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है और उनकी समस्या को सुनकर दूर किया जाता है। समस्या समाप्त होने पर परिवारजनों को सकुशल सौंप दिया जाता है। वन स्टाफ सेंटर पर बच्चियों एवं महिलाओं को रहने, खाने-पीने की किसी भी बात की कमी नहीं रखी जाती है। संपूर्ण पारिवारिक वातावरण मिलने पर उन्हें मानसिक शांति मिलती और यही सरकार एवं प्रशासन का वन स्टाफ सेंटर संचालित करने का उद्देश्य है।
मुख्य वक्ता समाजसेवी एवं जिला रोगी कल्याण समिति सदस्य गोविंद काकानी ने छात्राओं को क्षणिक आवेश, मानसिक तनाव एवं अवसाद जैसी समस्याओं के बारे में जागरूक किया। उन्होंने अपने अनुभवों के माध्यम से बताया कि किस प्रकार समझदारी और मार्गदर्शन से कठिन परिस्थितियों का समाधान किया जा सकता है तथा परिवार की खुशियों को पुनः लौटाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान प्रश्न मंच का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों अक्षा, रेखा, शीला, श्वेता एवं हर्षित को काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही इनर व्हील क्लब की सदस्य गीता शिवानी, वंदना सोनी एवं सुभधा राठी द्वारा विद्यार्थियों को बिस्किट एवं चॉकलेट वितरित किए गए।कार्यशाला का संचालन प्रधानाध्यापिका ममता अग्रवाल द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन श्वेता भल्ला ने व्यक्त किया।