पुलिस की अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई: 19 पेटी के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
रतलाम, 09जून (इ खबर टुडे)। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नामली थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर एक घर से 19 पेटी अवैध देशी/विदेशी शराब और बीयर जब्त की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका बेटा और मुख्य आरोपी फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार एवं एसडीओपी किशोर कुमार पाटनवाला के मार्गदर्शन में अवैध शराब की धरपकड़ हेतु टीम गठित की गई थी। मुखबिर तंत्र से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पैलेस रोड नामली स्थित यशवंत सिंह सोलंकी के घर पर अचानक छापा मारा।
तलाशी के दौरान आरोपी के घर से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से 04 पेटी देशी/विदेशी मदिरा और 15 पेटी बीयर (कुल 19 पेटी, 211.3 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की, जिसकी कुल कीमत 61,770 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी यशवंत सिंह को हिरासत में लेकर थाना नामली पर अपराध क्रमांक 236/26, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच में लिया है। मौके से आरोपी यशवंत का बेटा आजाद फरार हो गया जिसकी तलाश में पुलिस जुटी भी है।
मुख्य आरोपी फरार, पूछताछ के लिए पुलिस लेगी रिमांड
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शराब के इस अवैध कारोबार को मुख्य रूप से यशवंत सिंह का बेटा आजाद सिंह ही संभालता था। वह वर्तमान में पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी यशवंत सिंह सोलंकी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड (PR) लिया जाएगा। रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ की जाएगी कि यह अवैध शराब कहाँ से लाई जा रही थी और इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था। मुख्य आरोपी आजाद की गिरफ्तारी के बाद कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई और सफलता में नामली थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार कोरी, सउनि हीरालाल चंदन, प्रधान आरक्षक कांतिलाल, शैलेष ठकराल, गोपाल खराड़ी, आरक्षक हरिओम, भगवान सिंह, राघवेंद्र जाट, माखन सिंह, धर्मेंद्र मईडा और बुआर सिंह की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।