विश्व होम्योपैथी दिवस पर जिला सर्किल जेल रतलाम में लगा 'मेगा आयुष चिकित्सा शिविर'
रतलाम, 10 अप्रैल (इ खबर टुडे)। विश्व होम्योपैथी दिवस एवं डॉ. हैनीमेन जयंती के अवसर पर आज, 10 अप्रैल को जिला आयुष कार्यालय रतलाम द्वारा जिला सर्किल जेल में बंदियों के लिए एक विशेष स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
सर्किल जेल में इस मेडिकल कैंप का विधिवत शुभारंभ आज सुबह 11:00 बजे किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य जेल में निरुद्ध बंदियों को विभिन्न पद्धतियों के माध्यम से सुलभ चिकित्सा परामर्श और औषधि उपलब्ध कराना था।
त्रि-आयामी चिकित्सा पद्धति से उपचार
आयुष विभाग के सौजन्य से आयोजित इस शिविर में बंदियों को केवल परामर्श ही नहीं, बल्कि उपचार के लिए दवाइयां भी निःशुल्क प्रदान की गईं। शिविर की खासियत यह रही कि यहाँ एक ही छत के नीचे तीन पद्धतिया जिसमे आयुर्वेदिक: प्राकृतिक चिकित्सा और जड़ी-बूटियों पर आधारित उपचार, यूनानी: प्राचीन यूनानी चिकित्सा पद्धति द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण और होम्योपैथिक: डॉ. हैनीमेन जयंती के उपलक्ष्य में विशेष होम्योपैथिक परामर्श का लाभ मिला।
विशेषज्ञों की टीम रही तैनात
जिला आयुष अधिकारी डॉ. दाताराम जयंत के निर्देशन में विशेषज्ञों की एक टीम ने अपनी सेवाएँ दीं। इस टीम में मुख्य रूप से डॉ. बलराज सिंह चौहान एवं डॉ. वर्षा राठौर (होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी), डॉ. अवधेश राठौड़ (आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी) डॉ. मो. आदिल अंसारी (यूनानी चिकित्सा अधिकारी) शामिल रहे।
इनके साथ ही कंपाउंडर कैलाश यादव, सुमित्रा चारेल, अशोक शर्मा और गिरधारीलाल कुमावत ने अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। शिविर के दौरान बड़ी संख्या में बंदियों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया और अपनी बीमारियों के अनुसार विशेषज्ञों से उचित परामर्श प्राप्त किया।