रतलाम / ट्रांसफार्मर से तेल चोरी का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार
रतलाम, 03 अप्रैल (इ खबर टुडे)। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण के लिए पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना बरखेड़ा कला पुलिस ने शासकीय ट्रांसफार्मर से तेल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 28 मार्च 2026 को ग्राम निपानिया लाल निवासी फरियादी बापू सिंह गुर्जर ने हिम्मतखेड़ी स्थित ट्रांसफार्मर से तेल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर थाना बरखेड़ा कला में अपराध क्रमांक 51/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार और एसडीओपी आलोट पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र दंडोतिया के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम सोमचड़ी निवासी दशरथ सिंह राजपूत अपने ट्रैक्टर में ट्रांसफार्मर का तेल इस्तेमाल कर रहा है। संदेह के आधार पर पूछताछ करने पर मामले का खुलासा हुआ। आरोपी ने कबूल किया कि उसने यह तेल एमपीईबी के लाइन हेल्पर पीरूलाल सूर्यवंशी और प्रभुलाल सूर्यवंशी के साथ मिलकर चोरी किया था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और चोरी के तेल से चल रहे ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
दशरथ सिंह राजपूत (50), निवासी ग्राम सोमचड़ी
प्रभुलाल सूर्यवंशी (36), निवासी ग्राम देवगढ़
पीरूलाल सूर्यवंशी (35), निवासी ग्राम देवगढ़
सराहनीय योगदान
इस कार्रवाई में निरीक्षक रविंद्र दंडोतिया, एएसआई नानूराम दसोरिया, आरक्षक ओमप्रकाश गुर्जर, राकेश पाटीदार, अजय चौधरी एवं शकील की महत्वपूर्ण भूमिका रही।