इंदौर स्टेशन पर मुंशी प्रेमचंद जयंती पर आयोजित हुआ राजभाषा कार्यक्रम
इंदौर, 31 जुलाई(इ खबर टुडे ) । स्टेशन राजभाषा कार्यान्वयन समिति, इंदौर द्वारा हिंदी साहित्य के महान कथाकार एवं उपन्यास सम्राट मुंशी प्रेमचंद की जयंती के अवसर पर शुक्रवार, 31 जुलाई 2026 को स्टेशन परिसर में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पर्यवेक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर वक्ताओं ने मुंशी प्रेमचंद के जीवन, व्यक्तित्व एवं साहित्यिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए उन्हें हिंदी एवं भारतीय साहित्य का युगप्रवर्तक लेखक बताया।
उन्होंने कहा कि मुंशी प्रेमचंद की रचनाएँ सामाजिक समानता, मानवीय संवेदनाओं एवं नैतिक मूल्यों की प्रेरणा देती हैं तथा आज भी समाज के लिए उतनी ही प्रासंगिक हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके आदर्शों को आत्मसात करने तथा राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग एवं प्रचार-प्रसार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर हिंदी भाषा के संवर्धन एवं राजभाषा के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा मुंशी प्रेमचंद के साहित्यिक योगदान को नमन करते हुए राष्ट्रभाषा हिंदी के व्यापक उपयोग का संकल्प लेने के साथ हुआ।