ट्रेनों के एसी कोच में खाली सीटों पर नहीं बैठ पाएंगे OBHS स्टाफ और कोच अटेंडेंट, रतलाम रेल मंडल का सख्त आदेश
रतलाम,10 जुलाई (इ खबर टुडे)। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने यात्रियों की सुविधा और रेल प्रशासन की गरिमा को बनाए रखने के लिए एक बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। रेलवे द्वारा जारी नए आदेश के तहत अब ट्रेनों के उच्च श्रेणी (जैसे एसी कोच) में खाली रहने वाली बर्थ और सीटों पर ऑन-बोर्ड हाउसकीपिंग सर्विस (OBHS) स्टाफ और कोच अटेंडेंट के बैठने, आराम करने या भोजन करने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।
मंडल वाणिज्य प्रबंधक (रतलाम) राजेश मथुरिया द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पिछले दिनों विभिन्न ट्रेनों में वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण किए गए थे। इस दौरान यह बात सामने आई कि ओबीएचएस (सफाई कर्मी) और कोच अटेंडेंट स्टाफ ड्यूटी के दौरान उच्च श्रेणी के कोचों में यात्रियों की खाली सीटों व बर्थ का उपयोग विश्राम करने या खाना खाने के लिए कर रहे थे।
यात्रियों की सुविधा और गरिमा के खिलाफ
रेलवे प्रशासन ने इस प्रथा को यात्रियों की सुविधा के विपरीत और रेल प्रशासन की गरिमा के खिलाफ माना है। आदेश में कहा गया है कि इस तरह की हरकतों से यात्रियों को असुविधा होती है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
लापरवाही बरतने पर होगी कड़ी कार्रवाई
इस संबंध में रतलाम मंडल के सभी मुख्य टिकट निरीक्षकों (CTIs) और शयनयान प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने अधीनस्थ टिकट चेकिंग स्टाफ को कड़ाई से निर्देशित करें। टीटीई स्टाफ को यह सुनिश्चित करना होगा कि किसी भी परिस्थिति में ओबीएचएस और कोच अटेंडेंट उच्च श्रेणी के कोचों की खाली सीटों का उपयोग न कर सकें।
आदेश में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि सभी संबंधित कर्मचारी इस संबंध में विशेष सतर्कता बरतें। यदि निर्देशों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित स्टाफ के खिलाफ बेहद गंभीर और सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस आदेश की एक प्रति वरिष्ठ मंडल यांत्रिकी इंजीनियर (C&W) रतलाम को भी आवश्यक निगरानी हेतु भेजी गई है।