{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 
अब नियमित रूप से चलेगी काचीगुडा –श्रीगंगानगर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन

 
** 25 जुलाई से शुरू होगी नियमित सेवा 
** आरक्षण भी हुआ प्रारम्भ  
 

रतलाम, 27 मई( इ खबर टुडे)। पश्चिम रेलवे के रतलाम मण्‍डल द्वारा यात्रियों की सुविधा तथा काचीगुडा और श्रीगंगानगर के बीच नियमित रेल संपर्क उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ट्रेन संख्या 07053/07054 काचीगुडा  - श्रीगंगानगर- काचीगुडा साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को नियमित किया गया है। यह नियमित सेवा संशोधित ट्रेन संख्या 17601/17602 काचीगुडा  - श्रीगंगानगर- काचीगुडा साप्ताहिक  एक्सप्रेस के रूप में परिचालित की जाएगी।


पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क विभाग  द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ट्रेन संख्या 17601 काचीगुडा  - श्रीगंगानगर साप्ताहिक  एक्सप्रेस की नियमित सेवा 25 जुलाई, 2026 से काचीगुडा से प्रारंभ होगी, जबकि ट्रेन संख्या 17602 श्रीगंगानगर- काचीगुडा साप्ताहिक  एक्सप्रेस की नियमित सेवा 28 जुलाई, 2026 से श्रीगंगानगर से प्रारंभ होगी।


ट्रेन संख्या 17601 काचीगुडा  - श्रीगंगानगर साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार को काचीगुडा से 22.00 बजे प्रस्थान कर  रतलाम मण्‍डल के उज्‍जैन (23.40/23.45), नागदा (01.10/01.25) होते हुये सोमवार 21.30 बजे श्रीगंगानगर पहुंचेगी। इसी प्रकार, ट्रेन संख्या 17602 श्रीगंगानगर- काचीगुडा साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक मंगलवार को श्रीगंगानगर से 06.55 बजे प्रस्थान कर रतलाम मण्‍डल के नागदा (04.10/04.25), उज्‍जैन (05.30/05.35), होते हुये गुरुवार को  07.15 बजे  काचीगुडा पहुंचेगी।

यह ट्रेन दोनों दिशाओं में मलकाजगिरि, कामारेड्डी, निजामाबाद, बसर, धर्माबाद, मुदखेड, नांदेड़, पूर्णा, बसमत, हिंगोली, वाशिम, अकोला, मलकापुर, हरदा, इटारसी, भोपाल, उज्‍जैन, नागदा, कोटा, सवाई माधोपुर, दुर्गापुरा, जयपुर, ढेहर का बालाजी, रींगस,  सीकर, चूरू, रतनगढ, श्री डूंगरगढ़, बीकानेर, लालगढ, लूनकरनसर, सूरतगढ़, रायसिंह नगर, एवं श्री करनपुर स्टेशनों पर रुकेगी।
 
इस ट्रेन में एसी 2-टियर, एसी 3-टियर, स्‍लीपर  तथा द्वितीय श्रेणी के सामान्य कोच होंगे।

ट्रेन संख्या 07053/07054 काचीगुडा  - श्रीगंगानगर- काचीगुडा साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन में आरक्षण कराने वाले यात्रियों से अनुरोध है कि संशोधित ट्रेन संख्याओं को ध्यान में रखें, क्योंकि यह ट्रेन उपर्युक्त तिथियों से ट्रेन संख्या 17601/17602 के रूप में परिचालित की जाएगी। ट्रेनों  के समय, ठहराव एवं रेक संरचना संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए यात्री कृपया  www.enquiry.indianrail.gov.in पर जाकर अवलोकन कर सकते हैं।