रतलाम / घर पर अकेली थी नवविवाहिता, परिजनों के लौटते ही उड़ गए होश; बाड़े में साड़ी के फंदे से झूलता मिला शव
रतलाम,11 अगस्त(इ खबर टुडे)। औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत ग्राम इसरथूनी में एक 23 वर्षीय नवविवाहिता ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय परिजन मेडिकल कॉलेज में भर्ती सास को डिस्चार्ज कराकर घर ला रहे थे। जब परिवार घर लौटा तो विवाहिता फंदे से लटकी मिली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम इसरथूनी निवासी रितु (23) पति भरत धाकड़ ने मंगलवार दोपहर घर के बाड़े में स्थित एक कमरे में लकड़ी की बल्ली से साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
मृतका के ससुर लीलाराम धाकड़ ने बताया कि कुछ दिन पूर्व उनकी पत्नी सोहन बाई को खेत में काम करने के दौरान सांप ने काट लिया था, जिसके बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। मंगलवार को अस्पताल से छुट्टी होने पर लीलाराम, उनके दोनों बेटे भरत व मुकेश और छोटी बहू कुंती उन्हें लेने रतलाम मेडिकल कॉलेज गए थे। घर पर रितु अकेली थी।
जब परिजन दोपहर तीन बजे सास को लेकर घर पहुंचे तो रितु दिखाई नहीं दी। काफी आवाज देने और तलाश करने पर जब बाड़े का दरवाजा अंदर से बंद मिला, तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर रितु का शव बल्ली से साड़ी के फंदे पर लटका हुआ था।
8 महीने पहले हुई थी शादी
सूत्रों के अनुसार, मृतिका रितु का मायका बिहार के बांद्रा जिले में है। रितु का विवाह लगभग 7 से 8 महीने पहले ही भरत के साथ हुआ था। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पंचनामा बनाया और पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा।
पुलिस ने मर्ग कायम कर आत्महत्या के कारणों की तलाश शुरू कर दी है। मामला नवविवाहिता से जुड़ा होने के कारण पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।