गुलाब चक्कर परिसर में आयोजनों के लिए नई शुल्क नीति तय, 1 दिसंबर से लागू होंगी दरें
रतलाम,16 नवंबर (इ खबर टुडे)। शहर के ऐतिहासिक गुलाब चक्कर परिसर के सुव्यवस्थित उपयोग और रख-रखाव को सुनिश्चित करने के लिए जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद ने नई शुल्क नीति निर्धारित की है। परिषद के सचिव द्वारा जारी आदेश के अनुसार, परिसर में सामाजिक, सांस्कृतिक व अन्य कार्यक्रमों के आयोजन के लिए तय की गई यह नई दरें आगामी 01 दिसंबर 2026 से प्रभावशील होंगी।
नई नीति के तहत सप्ताह के सामान्य दिनों और सप्ताहांत (वीकेंड) के लिए अलग-अलग दरें तय की गई हैं। साथ ही एक कैलेंडर माह में एक ही व्यक्ति या संस्था द्वारा दोबारा कार्यक्रम करने पर अतिरिक्त शुल्क का प्रावधान किया गया है। सोमवार से शुक्रवार तक माह के प्रथम कार्यक्रम के लिए 500 रुपए और उसी माह में दूसरे या उसके बाद होने वाले प्रत्येक अतिरिक्त कार्यक्रम के लिए 1000 रुपए शुल्क देय होगा। शनिवार एवं रविवार को माह के प्रथम कार्यक्रम के लिए 1500 रुपए तथा दूसरे व प्रत्येक अतिरिक्त कार्यक्रम के लिए 3000 रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है।
आयोजकों के लिए प्रमुख शर्तें एवं निर्देश
परिषद ने कार्यक्रमों के सुचारू संचालन के लिए सख्त दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं, जिनका पालन करना आयोजकों के लिए अनिवार्य होगा। किसी भी आयोजन से पहले निर्धारित प्रारूप में आवेदन और शुल्क जमा कर परिषद से विधिवत अनुमति लेनी होगी।
शासकीय कार्यक्रम को प्राथमिकता
यदि बुकिंग वाली तारीख पर कोई शासकीय कार्यक्रम तय होता है, तो आयोजक की अनुमति निरस्त कर जमा शुल्क वापस कर दिया जाएगा, अथवा उपलब्धता के आधार पर आगामी तिथि आवंटित की जा सकेगी। कार्यक्रम के दौरान बाहर से किसी भी प्रकार के पेय या भोज्य पदार्थ लाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। आयोजकों को परिसर में स्थित कैंटीन से ही खाद्य सामग्री लेनी होगी। आयोजन के दौरान परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा और उपलब्ध सुविधाओं को बनाए रखने की पूरी जिम्मेदारी आयोजक की होगी। परिसर या उसकी संपत्ति को किसी भी प्रकार का नुकसान पहुंचने पर उसकी भरपाई आयोजक से की जाएगी।