{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 रतलाम में नारकोटिक्स समिति की बैठक: मादक पदार्थों की तस्करी पर कसेंगे शिकंजा, शैक्षणिक संस्थानों के पास रहेगी विशेष निगरानी

 

 

रतलाम, 30 जुलाई (इ खबर टुडे)। जिले में मादक पदार्थों एवं नशीली दवाओं की अवैध तस्करी पर लगाम लगाने और विभिन्न शासकीय विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से कलेक्टर भवन सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र कुमार रावत ने सख्त निर्देश दिए कि नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार और प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए।

​बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल तथा अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

​संयुक्त टीमें करेंगी रोड पेट्रोलिंग, अवैध ढाबों पर होगी कार्रवाई
अपर कलेक्टर श्री रावत ने निर्देश दिए कि नशे के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमें गठित की जाएं। यह टीमें जिले में नियमित जांच करेंगी और मुख्य मार्गों पर रोड पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही, औद्योगिक क्षेत्रों की जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने और संदिग्ध या अवैध रूप से संचालित ढाबों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

​स्कूल-कॉलेजों के पास विशेष निगरानी और जागरूकता अभियान
नशे की लत से युवाओं को बचाने के लिए शैक्षणिक संस्थानों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूल, कॉलेज और छात्रावासों के आसपास किसी भी प्रकार की नशीली दवाओं या पदार्थों की बिक्री न हो, इसके लिए पुलिस और संबंधित विभागों को कड़ी निगरानी रखने को कहा गया है।

​औषधि निरीक्षक (Drug Inspector) को मेडिकल दुकानों एवं संदिग्ध स्थानों पर लगातार जांच कर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश मिले हैं। वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी को शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से नशा मुक्ति अभियान चलाने की जिम्मेदारी दी गई है।

​'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान को मिलेगा बढ़ावा
बैठक के दौरान जिले में चलाए जा रहे "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि जिले में नशे के अवैध व्यापार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।