{"vars":{"id": "115716:4925"}}

डोसी गांव में बकाया वसूली और नोटिस देने गई नगर निगम टीम पर पथराव, लाठी-डंडों से हमला; पत्रकार घायल

नगर निगम के वाहनों में तोड़फोड़, कमिश्नर और एसडीएम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, 200 परिवारों को 5 अगस्त तक का अल्टीमेटम
 

 

रतलाम, 31 जुलाई (इ खबर टुडे)। शहर के औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत आने वाले डोसी गांव स्थित पीएम आवास योजना की मल्टी में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बकाया राशि और फ्लैट खाली करने का नोटिस देने पहुंची नगर निगम की टीम पर रहवासियों ने अचानक हमला कर दिया। स्थानीय महिला-पुरुषों ने एकजुट होकर नगर निगम कर्मियों पर पत्थरों और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हिंसक वारदात में निगमकर्मी और कवरेज कर रहे एक इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार गंभीर रूप से घायल हो गए।

​घटना की कवरेज कर रहे इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार राजू केलवा भी असामाजिक तत्वों और आक्रोशित भीड़ के हमले का शिकार हो गए। उनके हाथ में गंभीर चोट आई है। घटना के तुरंत बाद घायल पत्रकार और चोटिल निगम कर्मियों को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। हमले में नगर निगम के 3 से 4 कर्मचारियों को मामूली चोटें आई हैं, वहीं निगम की गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई है।

​2 लाख का फ्लैट, फिर भी 7 साल से नहीं चुकाई पूरी राशि
​नगर निगम कमिश्नर अनिल भाना ने बताया कि वर्ष 2019 में डोसी गांव मल्टी के करीब 396 परिवारों को स्लम क्षेत्र के तहत मात्र ₹2 लाख में फ्लैट आवंटित किए गए थे, जबकि प्रत्येक फ्लैट का वास्तविक मूल्यांकन ₹7 लाख था।

​आवंटन के समय रहवासियों से 20 हजार जमा करवाए गए थे और शेष 1.80 लाख जमा कर रजिस्ट्री करवानी थी। अब तक 166 लोगों ने बैंक लोन के माध्यम से राशि जमा कर रजिस्ट्री करवा ली है, लेकिन लगभग 200 परिवारों ने पिछले 7 सालों में एक भी रुपया जमा नहीं कराया और न ही रजिस्ट्री करवाई।

​5 अगस्त तक जमा करें राशि या खाली करें फ्लैट
​शुक्रवार को जब निगम की टीम इन्हीं बकायादार 200 परिवारों को नोटिस की जानकारी देने और ₹1.80 लाख जमा कराने की हिदायत देने पहुंची, तो, रहवासी भड़क गए और हमला कर दिया।

​घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम कमिश्नर अनिल भाना, नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया, एसडीएम तरुण जैन और औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी गायत्री सोनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

​निगम प्रशासन ने फिलहाल सभी 200 बकाएदारों के घरों पर नोटिस चस्पा कर दिए हैं। कमिश्नर अनिल भाना के अनुसार सभी को 5 अगस्त तक का समय दिया गया है—या तो वे बकाया राशि जमा कर रजिस्ट्री करवाएं, अन्यथा फ्लैट खाली करें।