{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 इंदौर में लोकायुक्त का बड़ा छापा: नगर निगम अधिकारी के पास मिली आय से 216% अधिक संपत्ति
​​​​​​​

 

 

उज्जैन,14 अगस्त (इ खबर टुडे / ब्रजेश परमार)। भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने शुक्रवार को नगर पालिक निगम के सहायक राजस्व अधिकारी (एआरओ) जितेन्द्र कुमार पाण्डेय के ठिकानों पर छापा मारा। पुलिस अधीक्षक (लोकायुक्त) राजेश सहाय के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में अधिकारी के पास अपनी वैध आय से 216 प्रतिशत से अधिक की बेहिसाब संपत्ति होने का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।
 
शिकायत के आधार पर शुक्रवार तड़के लोकायुक्त की टीमों ने एआरओ जितेन्द्र कुमार पिता रामकुमार पाण्डेय के इंदौर स्थित दो ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। जांच में सामने आया है कि 31 वर्ष के सेवाकाल में अधिकारी का कुल अनुमानित वेतन लगभग 80 लाख रुपये रहा है, लेकिन इसके विपरीत उनके द्वारा अब तक 2 करोड़ 53 लाख रुपये खर्च करना पाया गया है। यह राशि उनकी वैध आय से लगभग 1 करोड़ 73 लाख रुपये (216.35 प्रतिशत) अधिक है।

करोड़ों के मकान और हॉस्टल का खुलासा
सर्च कार्रवाई के दौरान लोकायुक्त को अकूत संपत्ति के दस्तावेज मिले हैं। आरोपी अधिकारी ने अपनी पत्नी भावना पाण्डेय के नाम पर आनंद नगर एक्सटेंशन (नवलखा चितावद) में 40×50 के भूखंड पर एक आलीशान जी+3 मंजिला भवन तान रखा है, जिस पर लगभग 1 करोड़ 20 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इसके अलावा गजाधर नगर (गुलमोहर का बगीचा) में भूखंड क्रमांक 32 पर पत्नी के ही नाम से जी+2 भवन का निर्माण कर एक छात्रावास (हॉस्टल) का संचालन किया जा रहा है, जिसकी निर्माण लागत करीब 91 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। साथ ही, आरोपी ने अपनी पत्नी, बेटे और बेटी के नाम पर लगभग 14 लाख रुपये के चार पहिया और दो पहिया वाहन भी खरीद रखे हैं।

सर्चिंग अभी जारी, बढ़ सकता है आंकड़ा
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी अधिकारी जितेन्द्र कुमार पाण्डेय के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 13(1) बी और 13(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। डीएसपी सुनील तालान, डीएसपी आनंद चौहान, निरीक्षक आशुतोष मिठास और निरीक्षक सचिन पटेरिया के नेतृत्व में टीमें अभी भी दोनों ठिकानों पर दस्तावेजों को खंगाल रही हैं। लोकायुक्त अधिकारियों के अनुसार, बैंक खातों और लॉकरों की जांच के बाद इस अनुपातहीन संपत्ति के आंकड़े में और इजाफा होने की संभावना है।