{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 650 अवैध व फ्री नलजल कनेक्शनों पर तुरंत कार्रवाई करें निगमायुक्त : कलेक्टर

 नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने जताई नाराजगी, बोले- नियमित बिल भरने वाले उपभोक्ताओं के साथ अन्याय न हो
 
 पेयजल संकट से निपटने के लिए टैंकर परिवहन की जगह स्थायी समाधान की कार्ययोजना बनाने के निर्देश

 

​रतलाम, 28 नवंबर (इ खबर टुडे)। नगर निगम क्षेत्र में संचालित हो रहे करीब 650 निःशुल्क (फ्री) नलजल कनेक्शनों के कारण निगम को हो रहे लाखों रुपये के आर्थिक नुकसान पर कलेक्टर अजय कटेसरिया ने सख्त नाराजगी जताई है। शनिवार को नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक में उन्होंने नगर निगम आयुक्त को इन सभी मामलों में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि नियमित रूप से जलकर चुकाने वाले ईमानदार उपभोक्ताओं के साथ किसी भी तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बैठक में यह बात सामने आई कि नगर निगम सीमा में लगभग 650 फ्री नलजल कनेक्शन चल रहे हैं। इनमें से करीब 300 धार्मिक स्थलों पर और 350 निजी क्षेत्रों में संचालित हैं। इन कनेक्शनों की वजह से बिजली का अनावश्यक दोहन हो रहा है। निगम को हर साल करीब 30 लाख रुपये बिजली बिल और 35 लाख रुपये मेंटेनेंस पर खर्च करने पड़ रहे हैं, जिससे निगम की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।

​टैंकर परिवहन नहीं, स्थायी समाधान खोजें
जिले में इस वर्ष कम बारिश के कारण संभावित पेयजल संकट से निपटने की कार्ययोजना पर भी गहन चर्चा हुई। कलेक्टर ने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि पेयजल परिवहन (टैंकर) को सामान्य कार्ययोजना का हिस्सा न बनाया जाए। इसके बजाय स्थानीय स्तर पर स्थायी समाधान विकसित किए जाएं।

​एसडीएम की अनुमति अनिवार्य
अत्यंत विषम परिस्थितियों में ही पेयजल परिवहन किया जा सकेगा, जिसके लिए संबंधित एसडीएम की पूर्व अनुमति अनिवार्य होगी। इस संबंध में पीओ डूडा को आदेश जारी करने को कहा गया है। सभी नगरीय निकायों में पुरानी बावड़ियों और बोरवेल को चिन्हित कर उन्हें पुनर्जीवित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, तालाबों से सीधे सिंचाई करने पर प्रतिबंध लगाने के लिए अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। हालांकि, बैठक में वर्तमान में ट्यूबवेल खनन पर रोक लगाने से इनकार कर दिया गया।

​पीएम आवास और अमृत 2.0 की सुस्त चाल पर फटकार
​पीएम आवास योजना 1.0 के तहत नगर परिषद पिपलौदा और बड़ावदा में आवास निर्माण अधूरे रहने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और काम जल्द पूरा करने को कहा। योजना में भौतिक प्रगति की तुलना में वित्तीय प्रगति कम पाई गई। निकायों द्वारा समय पर बजट लिमिट नहीं मिलने की जानकारी देने पर कलेक्टर ने पीओ डूडा अरुण पाठक को संभागीय संयुक्त संचालक को पत्र लिखने के निर्देश दिए। निकायों में लंबित भूमि आवंटन के सभी प्रकरणों को दिसंबर माह तक हर हाल में निपटाने की समय-सीमा तय की गई। बैठक में पीएम स्वनिधि और सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।