एमपीआरडीसी के अधिकारी एंबुलेंस में बैठकर सैलाना और ढोढर तक जाएं और ब्रेकर से मरीजों को होने वाले दर्द को महसूस करें : कलेक्टर श्री कटेसरिया
रतलाम, 16 नवंबर (इ खबर टुडे)। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में एमपीआरडीसी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों पर ब्रेकर सड़क सुरक्षा के निर्धारित मानकों के अनुसार बनाए जाएं। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्ग पर अनावश्यक ब्रेकर नहीं होने चाहिए तथा साइड रोड पर आवश्यकतानुसार ब्रेकर बनाए जाएं। एक स्थान पर पांच ब्रेकर के बजाय दो ब्रेकर पर्याप्त हैं। इस संबंध में पूर्व में भी निर्देश दिए गए थे, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
बैठक में एमपीआरडीसी द्वारा बताया गया कि जिले में 15 स्थानों पर ब्रेकर संबंधी कार्य किया जा चुका है, जबकि लगभग 100 स्थानों पर कार्य शेष है। इस पर कलेक्टर ने एमपीआरडीसी के एजीएम मानवेंद्र कनेश एवं टोल मैनेजर आशीष मिश्रा को निर्देश दिए कि साइड रोड पर ही आवश्यकतानुसार ब्रेकर बनाए जाएं। उन्होंने अधिकारियों से ब्रेकर निर्माण के औचित्य के संबंध में जानकारी चाही, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नाराजगी जताई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्वयं एंबुलेंस में बैठकर रतलाम से सैलाना तथा रतलाम से ढोढर तक की यात्रा करें और ब्रेकरों के कारण मरीजों को होने वाली परेशानी एवं दर्द को महसूस करें। यात्रा के फोटो एवं वीडियो भी साझा करें। इस संबंध में अगली बैठक में समीक्षा की जाएगी।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि ब्रेकर बनाए जाएं, लेकिन सड़क सुरक्षा के निर्धारित मानकों के अनुरूप ही बनाए जाएं। छह इंच ऊंचे बड़े ब्रेकर नहीं होने चाहिए। ब्रेकर का एंगल भी उचित होना चाहिए, ताकि वाहन चालकों एवं मरीजों को अनावश्यक परेशानी नहीं हो।
8 लेन पर साइन बोर्ड लगाने के निर्देश
कलेक्टर ने एनएचएआई के अधिकारियों को 8 लेन पर आवश्यक साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि साइन बोर्ड पर वाहन चालकों को सड़क पर झपकी अथवा नींद आने से होने वाली दुर्घटनाओं के प्रति सचेत करने वाले संदेश भी प्रदर्शित किए जाएं, ताकि वाहन चालक सतर्क रहें।
बैठक में बताया गया कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं की लगभग 55 प्रतिशत घटनाएं महू-नीमच रोड पर हो रही हैं। इस पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों एवं पुलिस को आवश्यक सतर्कता बरतने, सड़क सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने तथा पुलिस को लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर अजय कटेसरिया, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।