रतलाम /दो बत्ती चौराहे पर बंदर का आतंक ,राहगीरों को कर रहा घायल
रतलाम,26 जून (इ खबर टुडे ) । शहर के व्यस्ततम दो बत्ती चौराहे पर इन दिनों एक बंदर का आतंक देखने को मिल रहा है। बंदर राहगीरों पर अचानक हमला कर उन्हें घायल कर रहा है, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कई राहगीर बंदर के हमले का शिकार हो चुके हैं। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है। व्यस्त मार्ग होने के कारण यहां हर समय लोगों की आवाजाही रहती है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका भी बनी हुई है।
शुक्रवार सुबह भी दो बत्ती चौराहे पर यह बंदर पहले तो सामान्य एक वाहन पर बैठा था फिर अचानक भागते हुए आते जाते वाहनों पर चढ़ने लगा और एक व्यक्ति को काटने ही वाला था कि उसकी बाइक अनिंयत्रित होकर गिर गई। इस दौरान बंदर भाग गया इस दौरान वाहन चालक घायल हो गया।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मामले की सूचना वन विभाग को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन अब तक बंदर को पकड़ने या लोगों को राहत देने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। विभाग की सुस्ती से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। वही लोगो ने बताया कि यह बंदर सुबह के समय ज्यादा सक्रिय रहता है ,इस दौरान क्षेत्र से गुजरने वाले लोगो को वाहन सतर्क होकर चलाना चाहिए।
क्षेत्रवासियों ने वन विभाग से तत्काल रेस्क्यू टीम भेजकर बंदर को सुरक्षित पकड़ने और क्षेत्रवासियों को राहत दिलाने की मांग की है, ताकि किसी गंभीर दुर्घटना से बचा जा सके।