{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 रतलामी सेव के ट्रेडमार्क का दुरुपयोग पड़ा भारी, कलेक्टर ने दिए कार्रवाई और हर्जाने के निर्देश

 रेलवे स्टेशन और मेनू में भी शामिल होगी रतलाम की पहचान 'रतलामी सेव'
 
 आईटीआई में शुरू होंगे एआई, रोबोटिक्स और ड्रोन तकनीक के नए ट्रेड

 

​रतलाम,04 नवंबर (इ खबर टुडे)। रतलाम की विश्व प्रसिद्ध पहचान और सांस्कृतिक धरोहर 'रतलामी सेव' के रजिस्टर्ड ट्रेडमार्क एवं जीआई (GI) टैग का अनधिकृत उपयोग करने वाली कंपनियों पर अब शिकंजा कसने जा रहा है। कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा है कि यदि कोई भी बाहरी या अनधिकृत कंपनी 'रतलामी सेव' के नाम से अपना उत्पाद बेचती पाई गई, तो उसे तत्काल नोटिस जारी कर हर्जाने के लिए कानूनी प्रकरण तैयार किया जाएगा।

​कलेक्टर ने यह निर्देश लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड एवं निर्यात संवर्धन की एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान दिए। बैठक में जिला विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल सहित विभिन्न औद्योगिक संगठनों के सदस्यों ने इस फैसले पर सहमति जताई। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि रतलामी सेव रतलाम की धरोहर है और इसके नाम व पहचान का उपयोग केवल निर्धारित पंजीकृत उत्पादकों द्वारा ही किया जाना चाहिए।

​रेलवे मेनू में शामिल कराने के प्रयास
रतलामी सेव को व्यापक पहचान दिलाने और यात्रियों तक इसकी सुलभ पहुंच बनाने के लिए इसे रतलाम रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध कराने तथा रेलवे के मेनू में शामिल कराने की योजना बनाई जा रही है। इसके लिए डीआरएम से चर्चा की जाएगी तथा उद्योग विभाग को आवश्यक पत्राचार करने के निर्देश दिए गए हैं।

​औद्योगिक क्षेत्र में एसटीपी के शोधित पानी का उपयोग
औद्योगिक क्षेत्र में जल आपूर्ति सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नगर निगम के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) से शोधित (ट्रीटेड) पानी के उपयोग पर सहमति बनी। कलेक्टर ने कहा कि उद्योगपति अपनी आवश्यकता अनुसार इस पानी का उपयोग कर सकते हैं। इसकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए पहले परीक्षण भी कराया जाएगा।

​आईटीआई में एआई, रोबोटिक्स और ड्रोन तकनीक के ट्रेड
युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुसार रोजगार से जोड़ने के लिए कलेक्टर ने आईटीआई (ITI) में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स और ड्रोन तकनीक जैसे अत्याधुनिक ट्रेड शुरू करने पर जोर दिया। इसके लिए आगामी सप्ताह में एक विशेष बैठक बुलाई गई है।

​बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, जिला विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल, महाप्रबंधक उद्योग अतुल बाजपेई एवं विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।