{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 रतलाम / नाबालिग बालिका ने घर पर दिया बच्चे को जन्म, पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज

 

 

​रतलाम, 24 नवंबर(इ खबर टुडे)। शहर में नाबालिग बालिका के प्रसव का एक गंभीर मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रसव पीड़ा होने के बाद बालिका ने घर पर ही बच्चे को जन्म दिया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए रतलाम के शासकीय मातृ एवं शिशु चिकित्सालय (MCH) लाया गया। बालिका ने एक जीवित शिशु को जन्म दिया है, हालांकि नवजात लड़का है या लड़की, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।  

प्रारंभिक तौर पर यह मामला दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है और बालिका पास के ग्रामीण क्षेत्र की रहने वाली है। मामले में यह तथ्य भी सामने आ रहा है कि बालिका के संबंध में पूर्व में अपहरण का मामला दर्ज हुआ था।  

​पूर्व के अपहरण मामले से जुड़े होने की चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, पूर्व में अपहरण के आरोपों से जुड़े व्यक्ति द्वारा कथित रूप से बालिका को अपने साथ पत्नी के रूप में रखे जाने की बात सामने आई है। इसी दौरान बालिका गर्भवती हुई और अब प्रसव का मामला सामने आया है। हालांकि, पुराने अपहरण के मामले और वर्तमान घटनाक्रम के बीच के संबंधों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।  

​पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण, आरोपी की तलाश जारी
अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की। लिखित शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5(J)(ii)/6 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस अब आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।