{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 रतलाम में नापतौल विभाग की कार्रवाई : 50 लाख से अधिक राजस्व वसूली, 206 प्रकरण दर्ज

 
 

रतलाम, 07 अप्रैल (इ खबर टुडे)। मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में नापतौल विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड स्तर पर कार्रवाई करते हुए 50 लाख रुपये से अधिक का राजस्व वसूला है। यह अब तक की सबसे अधिक वसूली बताई जा रही है।

नियंत्रक नापतौल, म.प्र. भोपाल और रतलाम कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशों के तहत प्र. सहायक नियंत्रक/निरीक्षक भारत भूषण द्वारा जिलेभर में दुकानों और संस्थानों में उपयोग किए जा रहे बाट, माप एवं तौल उपकरणों का सत्यापन और पुनः सत्यापन किया गया। इस प्रक्रिया से विभाग को कुल 50,69,484 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

कार्रवाई के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर विभाग ने सख्ती दिखाते हुए 206 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए। इनमें से निराकृत मामलों से अर्थदंड के रूप में 20,47,200 रुपये की वसूली की गई, जो विभाग के इतिहास में सबसे अधिक है।

प्र. सहायक नियंत्रक भारत भूषण ने सभी व्यापारियों और संस्थानों को निर्देशित किया है कि वे अपने नापतौल उपकरणों का समय-समय पर सत्यापन एवं मुद्रांकन करवाएं। साथ ही, केवल नियमों के अनुरूप घोषित पैकेज्ड वस्तुओं का ही विक्रय करें।

विभाग ने उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि यदि किसी दुकान या संस्थान में नापतौल या पैकेज्ड वस्तुओं में गड़बड़ी नजर आए, तो तत्काल इसकी शिकायत संबंधित कार्यालय में दर्ज कराएं।