{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 ई-स्कूटी में भीषण धमाका: मां और दो बच्चे गंभीर रूप से झुलसे, घर का सामान खाक

 8 से 10 दिन पहले ही खरीदी थी नई गाड़ी; अलसुबह 4:30 बजे हुआ हादसा, कॉलोनी में मची अफरा-तफरी
 

 

रतलाम, 19 अगस्त (इ खबर टुडे)। शहर के कनेरी रोड स्थित विंध्यवासिनी कॉलोनी में बुधवार तड़के एक हृदयविदारक हादसा सामने आया। यहां एक मकान में चार्जिंग पर लगी नई 'लोवास' कंपनी की ई-स्कूटी (E-Scooter) में शॉर्ट सर्किट के चलते भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज़ था कि पूरे घर में आग फैल गई, जिससे मकान में सो रही मां और उनके दो बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में घर में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया है।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात पूरा परिवार ई-स्कूटी को चार्जिंग पर लगाकर सो रहा था। सुबह करीब 4:30 बजे अचानक शॉर्ट सर्किट होने से ई-स्कूटी में जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट की भयावह आवाज सुनकर विंध्यवासिनी कॉलोनी के निवासी दहल गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों की पहचान बिंदु सिसोदिया (36 वर्ष), विजय लक्ष्मी (20 वर्ष) और अंतिम (15 वर्ष) के रूप में हुई है। आग की लपटों से तीनों बुरी तरह झुलस गए।

पड़ोसियों ने दिखाई तत्परता, मेडिकल कॉलेज में भर्ती
धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के रहवासी तुरंत मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों ने तत्परता दिखाते हुए झुलसे हुए परिवार को किसी तरह बाहर निकाला। स्थानीय निवासी निर्मल राठौड़ ने पास के पेट्रोल पंप से फायर सेफ्टी उपकरण लाकर शुरुआती आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। पड़ोसियों की मदद से सभी घायलों को तुरंत मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

बच्चों के स्कूल आने-जाने के लिए ली थी नई स्कूटी
घायल बिंदु के जीजा वीरेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि परिवार ने करीब 10-12 दिन पहले ही माणकचौक स्थित शोरूम से 'लोवास' कंपनी की गुलाबी (पिंक) रंग की नई ई-स्कूटी खरीदी थी। मां ने यह गाड़ी अपने बच्चों के स्कूल आने-जाने की सुविधा के लिए ली थी। परिजनों ने बताया कि जिस मकान में यह दर्दनाक हादसा हुआ, वह भी परिवार ने मात्र चार महीने पहले ही खरीदा था। 

पुलिस और अग्निशमन विभाग फिलहाल घटना के कारणों और ई-स्कूटी में हुए विस्फोट की जांच में जुट गए हैं। फिलहाल घायल माँ और दो बच्चो का मेडिकल कॉलेज में उपचार किया जा रहा है। पुलिस पुरे मामले को लेकर जांच में जुट गई है।