स्व. नटवर सिंह देवड़ा की स्मृति में विशाल रक्तदान शिविर, मूसलाधार बारिश के बीच 51 यूनिट रक्तदान
ताल एवं आस- पास के ग्रामीण लोगों ने दिखाया सेवा का जज़्बा
रक्तदान कर दी मानवता की मिसाल
रतलाम, 22 जुलाई(इ खबर टुडे ) । ग्राम सेमलिया ताल के समीप स्थित छोटे से गांव में स्वर्गीय नटवर सिंह देवड़ा की प्रथम पुण्यतिथि पर विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। मूसलाधार बारिश के बावजूद लोगो का उत्साह कम नहीं हुआ और उन्होंने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए 51 यूनिट रक्तदान कर मानव सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।
शिविर का शुभारंभ स्व. नटवर सिंह देवड़ा के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर उनके पिता प्रेम सिंह देवड़ा, जनपद सदस्य करण सिंह राठौड़, समाजसेवी कृष्णपाल सिंह राठौड़,NSUI जिला अध्यक्ष निलेश शर्मा,डीगराज सिंह डोडिया, अजय सिंह सिसोदिया, प्रकाश बैरागी, मानव सेवा समिति के पूर्व ब्लड बैंक प्रभारी गोविंद काकानी, वरिष्ठ पदाधिकारी हेमंत मेहता एवं रविंद्र बक्शी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
स्वागत उद्बोधन में उनके बड़े भाई गजेंद्र सिंह देवड़ा ने बताया कि स्व. नटवर सिंह देवड़ा अपनी मिलनसार, सरल एवं सेवाभावी छवि के कारण पूरे क्षेत्र में लोकप्रिय थे। वे परिवार के सदस्यों महेंद्र सिंह देवड़ा, जितेंद्र सिंह देवड़ा एवं जगपाल सिंह झाला के साथ सदैव सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहते थे।
गत वर्ष एक सड़क दुर्घटना में उनके असामयिक निधन के बाद उनकी स्मृति को जनसेवा से जोड़ने के उद्देश्य से ग्रामीणों ने नटवर मित्र मंडल एवं भगत सिंह ग्रुप के माध्यम से प्रतिवर्ष 22 जुलाई को रक्तदान शिविर आयोजित करने का संकल्प लिया।
पूर्व ब्लड बैंक प्रभारी गोविंद काकानी ने अपने संबोधन में कहा कि विपरीत मौसम के बावजूद नटवर बन्ना मित्र मंडल एवं भगतसिह फ्रेंड्स ग्रुप ने रक्तदान के प्रति समर्पण अत्यंत प्रेरणादायक है।
उन्होंने रक्तदान के महत्व, ब्लड बैंक संचालन एवं आवश्यकता पड़ने पर आवश्यक जानकारी प्रदान की एवं सभी रक्तदाताओं को मानव सेवा समिति की ओर से प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह अतिथियों के द्वारा प्रदान किये| कार्यक्रम के अंत में रक्तदान शिविर संयोजक राकेश पाटीदार ने सभी का आभार माना