रतलाम में सटोरियों पर पुलिस का शिकंजा: माणकचौक पुलिस ने 6 आदतन सटोरियों को रंगे हाथों दबोचा, नगदी और सट्टा सामग्री जब्त
रतलाम, 03 जुलाई (इ खबर टुडे)। जिले में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने अपना अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में माणकचौक थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के अलग-अलग स्थानों से 6 आदतन सटोरियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से नगदी और सट्टा पर्चियां बरामद की गई हैं। पुलिस अब इन सभी के खिलाफ सट्टा एक्ट के साथ-साथ नए कानून की धारा 112 बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत भी सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल, राकेश पंद्रो और सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। मुखबिर से मिली सटीक सूचना और पुलिस की सतत निगरानी के आधार पर टीम ने शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर अचानक दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने सट्टा संचालित कर रहे छह आरोपियों को रंगे हाथों दबोच लिया।
सट्टा पर्चियां और नगदी बरामद
पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से सट्टा पर्चियां, सट्टा सामग्री और कुल ₹9,836 की नगद राशि जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए सभी आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त थे और इनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। आदतन अपराधी पाए जाने पर इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 के तहत भी पृथक से वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
लतीफ पिता नूर मोहम्मद कुरैशी (70 वर्ष), निवासी- नयापुरा मस्जिद के पास, रतलाम
काजी हसिबुल पिता काजी मोहम्मद जुल्फिकार, निवासी- वेदव्यास कॉलोनी, रतलाम।
रईस अहमद पिता महबूब पठान (49 वर्ष), निवासी- जय भारत नगर, रतलाम
दिनेश पिता मांगू मकोड़िया (30 वर्ष), निवासी- ग्राम सांवलिया रूंडी, रतलाम
मोहनलाल पिता रामलाल मईड़ा (40 वर्ष), निवासी- शासकीय स्कूल के पास, खेतलपुर, रतलाम
राकेश पिता दिनेश शर्मा (35 वर्ष), निवासी- रामगढ़ गणेश मंदिर के सामने, रतलाम
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में माणकचौक थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान, एएसआई गोरचंद, एएसआई आशीष मांगरिया, प्रधान आरक्षक राजेश मईड़ा, राजसिंह, रितेश पाटीदार, दिनेश जाट, रमेश चौहान, तथा आरक्षक अविनाश मिश्रा, हेमंत यादव, मनोहर सिंह और अशरफ की मुख्य व सराहनीय भूमिका रही।