{"vars":{"id": "115716:4925"}}

रतलाम / सराफा व्यापारी से 1.5 करोड़ की रंगदारी, माणक चौक पुलिस ने दर्ज की एफआईआर 

 
 

​रतलाम, 20 मार्च( खबर टुडे)। शहर के चांदनी चौक स्थित सराफा बाजार में आठ दिन पूर्व हुए हंगामे के मामले में पुलिस ने अब बड़ी कार्रवाई की है। एक प्रतिष्ठित सराफा व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ डेढ़ करोड़ रुपये की अवैध वसूली (रंगदारी) और जान से मारने की धमकी देने का प्रकरण दर्ज किया है।

​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चांदनी चौक निवासी पीड़ित व्यापारी विमल मांडोत (45) ने माणक चौक थाने में दर्ज कराई अपनी शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया की 13 मार्च की दोपहर करीब 3 बजे आरोपी बंटी गुगलिया रतलाम और चयन सोनी इंदौर दुकान में घुसकर गाली-गलौज की और मेरे बेटे दक्ष व कर्मचारियों के सामने ही डेढ़ करोड़ की मांग की। आरोपियों ने धमकी देते हुए कहा कि यदि दुकान चलानी है तो मांगी गई राशि देनी होगी, नहीं तो पूरे परिवार को जान से खत्म कर दिया जाएगा।

डर के साये में था परिवार, साथियों ने बंधाया ढांढस
​पीड़ित व्यापारी ने बताया कि इस धमकी के बाद से उनका पूरा परिवार अत्यधिक मानसिक तनाव और डर के साये में जी रहा था। इसी डर के कारण उन्होंने पहले शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। हालांकि, बाद में साथी व्यापारियों अजय यादव और विनोद शर्मा के समझाने और हौसला देने पर विमल मांडोत थाने पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई।

​पुलिस की कार्रवाई
​माणक चौक थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर लिया है।

 

​"व्यापारी की शिकायत पर बंटी गुगलिया और चयन सोनी के खिलाफ अवैध वसूली और धमकी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।"
पी.आर. डावरे, टीआई, माणक चौक थाना