{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 रतलाम में जुए के अड्डे पर पुलिस की बड़ी दबिश: 14 जुआरी गिरफ्तार, 2 लाख से अधिक नकदी और ताश पत्ते जब्त

 

 

रतलाम, 15 नवंबर (इ खबर टुडे)। शहर की माणक चौक थाना पुलिस ने शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि अवैध रूप से संचालित हो रहे जुए के एक बड़े अड्डे पर दबिश देकर 14 जुआरियों को रंगे हाथों धरदबोचा। पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 लाख रुपये से अधिक की नगदी और ताश की गड्डियां बरामद की हैं।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार और रविवार की दरमियानी रात पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि शहर के बागड़ो का वास क्षेत्र में एक मकान में अवैध जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही माणक चौक पुलिस ने तुरंत एक विशेष दल का गठन किया और आरोपी तरुण के मकान (21, बागड़ो का वास) पर अचानक धावा बोल दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से जुआरियों में हड़कंप मच गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बरामदगी और जब्त सामग्री
पुलिस ने मौके से कुल 2,04,240 नकद, सिल्वर ब्रीज ब्रांड के ताश के पत्तों के पैकेट (जिसमें 12 पैक गड्डियां शामिल हैं) और 52 ताश के पत्ते जब्त किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम
दबिश के दौरान पुलिस ने मौके से जुआ खेल रहे 14 आरोपी संदीप पिता बाबूलाल जैन (53 वर्ष, निवासी गोपाल गौशाला कॉलोनी, दीनदयाल नगर), मुरली पिता हिरालाल कोटवानी (40 वर्ष, निवासी 21 बागड़ो का वास), जाकिर पिता युसुफ अंसारी (32 वर्ष, निवासी नयापुरा हाट रोड), अशफाक पिता शहजाद खान (32 वर्ष, निवासी मराठों का वास), रशीद पिता रफिक शाह (45 वर्ष, निवासी नयापुरा हाट रोड), इफ्तियार अंसारी (41 वर्ष, निवासी बरगुण्डो का वास), पप्पन पिता काले खां कुरैशी (39 वर्ष, निवासी संतोषी माता मंदिर के पास, सुभाष नगर), तरुण पिता हिरालाल कोटवानी (43 वर्ष, निवासी 21 बागड़ो का वास), सोमिल पिता कांतिलाल जैन (39 वर्ष, निवासी शुभ विहार कॉलोनी), साजिद पिता मोहम्मद साबिर कुरैशी (37 वर्ष, निवासी बालाजी टाउनशिप), खालिद पिता रमजान कुरैशी (52 वर्ष, निवासी कसाई मण्डी), अक्षय पिता विनोद जैन (32 वर्ष, निवासी जूनी कलाल सेरी), विजय पिता शांतिलाल टांक (42 वर्ष, निवासी हनुमान रूण्डी), हेमन्त पिता रमेशचन्द्र शर्मा (42 वर्ष, निवासी 128 छोटू भाई की बगीची) को गिरफ्तार किया। 

जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज
माणक चौक पुलिस ने सभी 14 आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम (जुआ एक्ट) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह अड्डा पिछले कितने समय से चल रहा था और इसमें अन्य कौन-कौन लोग संलिप्त हैं।