सावधान ! शादी के सीजन में आपकी थाली तक पहुँच रहा 'जहर': रतलाम में नकली घी के बड़े रैकेट का भंडाफोड़
रतलाम,25अप्रैल(इ खबर टुडे)। शादियों के सीजन का फायदा उठाकर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ रतलाम प्रशासन ने एक बार फिर बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। औद्योगिक थाना क्षेत्र की पॉश कॉलोनी मोहन नगर में खाद्य विभाग की टीम ने दबिश देकर भारी मात्रा में नकली घी जब्त किया है। यहाँ नामी ब्रांड्स से मिलते-जुलते पैकेट में नकली घी भरकर शहर और ग्रामीण इलाकों में खपाया जा रहा था।
मुखबिर की सटीक सूचना पर खाद्य विभाग ने 'जय माँ दूधेश्वरी एजेंसी' के संचालक गोपाल व्यास के ठिकानों पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान टीम तब हैरान रह गई जब वहां डीएफ गोल्ड, श्री मूल गौसंत और मोतीसागर जैसे नामी ब्रांड्स से मिलते-जुलते बॉक्स और पैकेजिंग मिली। जांच में पता चला कि यह घी महज 415 रुपये प्रति किलो की दर से दुकानदारों को बेचा जा रहा था, जिसे दुकानदार आगे असली 'देसी घी' बताकर महंगे दामों पर ग्राहकों को बेचते थे।
महाराष्ट्र और गुजरात से जुड़े हैं तार
प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि नकली घी का यह काला कारोबार अंतर्राज्यीय स्तर पर फैला है। रतलाम की यह एजेंसी महाराष्ट्र और गुजरात से ट्रांसपोर्ट के जरिए माल मंगवाती थी। वर्तमान मामले में इंदौर की 'हाईटेक अवेंजर' से भी माल मंगाए जाने की बात सामने आई है। प्रशासन अब इस पूरी सप्लाई चेन को खंगालने में जुटा है।
मौके से लिए सात सैंपल
मौके से लगभग 80 लीटर नकली घी बरामद किया गया। विभाग ने 4 अलग-अलग कंपनियों के कुल 7 सैंपल लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए भोपाल लैब भेजा जा रहा है। एजेंसी संचालक गोपाल व्यास को मामले में आरोपी बनाया गया है। इससे पहले भी प्रशासन ने नयागांव में 1600 लीटर नकली घी पकड़ा था, जो जांच में अमानक पाया गया।
"हमने 7 सैंपल लेकर जांच के लिए भोपाल भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मिलावटखोरों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।"
— शैलेश कुमार गुप्ता, जिला खाद्य एवं औषधि अधिकारी, रतलाम
आम जनता के लिए चेतावनी
शादी-ब्याह के इस सीजन में यदि आपको बाजार में सामान्य से काफी कम कीमत पर 'ब्रांडेड' घी मिल रहा है, तो सावधान हो जाएं। यह आपकी सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है। किसी भी अधिकृत विक्रेता से ही खरीदारी करें और संदेह होने पर तुरंत प्रशासन को सूचित करें।