{"vars":{"id": "115716:4925"}}

रतलाम में नशा तस्करी पर बड़ा प्रहार: नवंबर में 7 आदतन अपराधी निरुद्ध, भेजे गए जेल

​जमानत पर छूटकर फिर कर रहे थे नशे का धंधा, पुलिस ने 7 तस्करों को भेजा जेल
 

​रतलाम, 19 नवंबर (इ खबर टुडे)। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और इसके कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए रतलाम पुलिस द्वारा '360 डिग्री प्रहार' अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत, जमानत पर बाहर आकर दोबारा नशे के कारोबार में सक्रिय होने वाले आदतन अपराधियों पर 'पिट एनडीपीएस' (PIT NDPS) एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है।
​
पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, अकेले नवंबर माह में ही 7 आदतन नशा तस्करों के खिलाफ निरोध आदेश (डिटेंशन वारंट) जारी करवाकर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। जेल भेजे गए आरोपियों में नारायण सिंह राजपूत (43, निवासी रणायरा-ताल), फरहान कुरैशी (19, निवासी ताल नाका-जावरा), गोपाल मालवीय (50, निवासी पिपलिया पीथा-आलोट), कमल मोंगिया (निवासी कंसारी-ताल), आशीष सोनी (32, निवासी धनजी बाई का नोहरा-रतलाम), गुलबदर खान (47, निवासी परवलिया-रिंगनोद) और उस्मान खां मेवाती (47, निवासी उमटपालिया-जावरा) शामिल हैं।

​वर्ष 2026 में अब तक 15 तस्कर जा चुके हैं जेल
रतलाम पुलिस द्वारा इस वर्ष 2026 में अब तक कुल 16 आदतन अपराधियों के विरुद्ध पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण तैयार कर निरोधात्मक वारंट जारी करवाए गए हैं। इनमें से 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया जा चुका है। उल्लेखनीय है कि रतलाम जिले में इस अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की शुरुआत वर्ष 2025 में एसपी अमित कुमार के निर्देशन में हुई थी, जब पहली बार 6 आदतन अपराधियों को निरोध आदेश के तहत जेल भेजा गया था।

​आर्थिक नेटवर्क तोड़ने की बहुआयामी रणनीति
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नशा माफिया की कमर तोड़ने के लिए केवल गिरफ्तारी तक ही कार्रवाई सीमित नहीं है, बल्कि बहुआयामी रणनीति पर काम किया जा रहा है। इसके तहत तस्करों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को फ्रीज करने, उनके पूरे सप्लाई नेटवर्क को ध्वस्त करने और जमानत पर छूटे अपराधियों की कड़ी निगरानी करने जैसे कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि जिले को पूरी तरह नशामुक्त और सुरक्षित बनाया जा सके।