ताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एमडीएमए और डोडाचूरा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
रतलाम,28 मार्च (इ खबर टुडे)। नशीले पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत ताल थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से लाखों रुपये मूल्य का मादक पदार्थ और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 मार्च शुक्रवार को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ की खेप लेकर निकलने वाला है। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ग्राम अलीगढ़ निवासी करण सिंह उर्फ कन्नू (34) को धरदबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से 37 ग्राम एमडीएमए (MDMA) और 2 किलो 57 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। जब्त मादक पदार्थ की कुल अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के पास से उसकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
पूछताछ में खुले तस्करी के राज
आरोपी करण सिंह के खिलाफ थाना ताल में अपराध क्रमांक 153/26, धारा 8/15 और 22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। सख्ती से पूछताछ के बाद करण ने बताया कि उसने यह खेप प्रहलाद श्रीमाल 44 निवासी खंदवास जिला आगर मालवा से खरीदी थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रहलाद को भी गिरफ्तार कर लिया।
राजस्थान से जुड़ा नेटवर्क
मामला यहीं नहीं रुका, गिरफ्तार प्रहलाद श्रीमाल ने पुलिस को बताया कि इस अवैध कारोबार का मुख्य स्रोत राजस्थान में है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने आजाद खान 42 निवासी ग्राम बुधालिया, थाना डग जिला झालावाड़, राजस्थान को भी आरोपी बनाते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस का कहना
"हमने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और एमडीएमए के स्रोत का पता लगाया जा रहा है। आरोपियों से पूछताछ जारी है कि वे यह नशा कहाँ से लाते थे और क्षेत्र में किन-किन लोगों को सप्लाई करने वाले थे। इस रैकेट में शामिल अन्य नामों का भी जल्द खुलासा होने की उम्मीद है।" (स्वराज डाबी थाना प्रभारी)