{"vars":{"id": "115716:4925"}}

रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जानलेवा हमले के 8 और आरोपी गिरफ्तार, कार व हथियार बरामद

 
​रतलाम,02मई(इ खबर टुडे)। जिले में अपराधियों की धरपकड़ और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत ताल थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ग्राम रणायरा में हुए हत्या के प्रयास के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक किया सोनेट कार, दो मोटरसाइकिलें और हथियार भी बरामद किए हैं।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ​घटना पिछले माह 13 मार्च की है, जब ग्राम रणायरा निवासी दशरथ पिता भारतसिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी के अनुसार, भोपालसिंह के कुएं पर आरोपियों ने एक राय होकर हथियारों से लैस होकर उसके भाई नारायणसिंह पर जानलेवा हमला किया था। 

मुख्य आरोपी सुखदेव पाटीदार ने तलवार से सिर पर वार किया था, जबकि अन्य आरोपियों ने लाठी-डंडों से मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने विभिन्न धाराओं सहित एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था।

​ऐसे हुई गिरफ्तारी
​एएसपी विवेक कुमार लाल और एसडीओपी आलोट पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी स्वराज डाबी की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर आठ आरोपी ​पप्पुलाल पाटीदार 35वर्षीय, ​सुनील पाटीदार 21वर्षीय, ​रामनिवास पाटीदार 35वर्षीय, ​तेजकरण पाटीदार 33वर्षीय, ​बाबुलाल पाटीदार 49वर्षीय, ​समरथ पाटीदार 39 वर्षीय, ​नागेश्वर पाटीदार 38 वर्षीय, ​भोला उर्फ भोलेश्याम पाटीदार 23 वर्षीय को दबोचा। 

​जप्त सामग्री और पूर्व कार्रवाई
​पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई किया सोनेट कार (MP43ZL6799), एक सुपर स्प्लेण्डर (MP43EC2277) और एक स्प्लेण्डर प्लस (MP43ZB3163) मोटरसाइकिल जप्त की है। इसके अलावा लोहे के पाइप और लकड़ियां भी बरामद की गई हैं। मामले में मुख्य आरोपी सुखदेव और अनिल पाटीदार को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है, जिनसे तलवार और लठ बरामद हुए थे।

​एक आरोपी अभी भी फरार
​पुलिस के अनुसार, इस मामले में एक अन्य आरोपी प्रफुल पिता पुष्कर पाटीदार निवासी रणायरा फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश सरगर्मी से की जा रही है।

​इस सराहनीय कार्रवाई में निरीक्षक स्वराज डाबी, सउनि मदन सिंह डोडिया, राधेश्याम गुर्जर, आरक्षक सांवरिया पाटीदार, शुभमसिंह चौहान, रवि कुमार, मनोहर गायरी, मनीष शर्मा और चालक नीरज पंवार की मुख्य भूमिका रही।