{"vars":{"id": "115716:4925"}}

रतलाम की संकरी गलियों से पकड़ा गया MD ड्रग्स का मुख्य सप्लायर, इंदौर पुलिस का नशे के खिलाफ शहर में दबिश

आरोपी पर रतलाम के थाने में है ड्रग्स मामले में प्रकरण दर्ज 
 

 

 

इंदौर / रतलाम, 10 नवंबर (इ खबर टुडे)। ​राज्यस्तरीय 'एंटी नारकोटिक्स ड्रग अभियान' के तहत इंदौर की छत्रीपुरा थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने रतलाम की संकरी गलियों में घेराबंदी कर एमडी (MD) ड्रग्स के मुख्य सप्लायर नजर अहमद उर्फ हनी उर्फ लाला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ पूर्व में भी कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

​यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त (नगरीय इंदौर) संतोष कुमार सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) मयंक अवस्थी के निर्देशों पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस उपायुक्त (जोन-04) नरेंद्र रावत, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दीशेष अग्रवाल एवं सहायक पुलिस आयुक्त (सराफा) यश बिजोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी छत्रीपुरा संजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में गठित टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।

​6 नवंबर की गिरफ्तारी से खुला था राज
मामला प्रकरण क्रमांक 357/2026 (धारा 8/22, 29 एनडीपीएस एक्ट) से जुड़ा है। गत 6 नवंबर को छत्रीपुरा पुलिस ने गंगवाल बस स्टैंड के पास चेकिंग के दौरान एक क्रेटा कार (MP 09 CX 6625) से आरोपी फिरोज और मोहम्मद अफजल को 28.85 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ दबोचा था। पुलिस ने कार व ड्रग्स समेत कुल 11.90 लाख रुपये का मश्रूका जब्त किया था। आरोपियों से सघन पूछताछ में रतलाम के नाहरपुरा थाना माणक चौक निवासी नजर अहमद उर्फ हनी उर्फ लाला का नाम मुख्य सप्लायर के रूप में सामने आया।

​तकनीकी बैक ट्रेसिंग और घेराबंदी से सफलता
आरोपी लगातार पुलिस को चकमा देकर रतलाम में छिपा हुआ था। छत्रीपुरा पुलिस ने तकनीकी बैक ट्रेसिंग और मुखबिर की सटीक सूचना पर रतलाम की संकरी गलियों में घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। आरोपी पर रतलाम शहर में भी एनडीपीएस के कई मामले दर्ज हैं।

​सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में उप निरीक्षक पवन कुमार नरवरे, सहायक उप निरीक्षक दीपेश गोराना, प्रधान आरक्षक धर्मेंद्र पाठक (676), आरक्षक धर्मेंद्र सिंह सोनगरा (3883) तथा आरक्षक भूपेंद्र (1472) की विशेष भूमिका रही।