{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 मीनाक्षी का नामांकन निरस्त करने के विरोध में महिला कांग्रेस ने फूंका मुख्यमंत्री का पुतला

 लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौपा 
 

 

रतलाम,18 जून(इ खबर टुडे) । मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस के आह्वान पर गुरुवार को रतलाम शहर महिला कांग्रेस ने मध्यप्रदेश से राज्यसभा के लिए कांग्रेस उम्मीदवार सुश्री मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए नामांकन निरस्त करने की कार्रवाई को लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं संवैधानिक मूल्यों के विरुद्ध बताया। इसके पश्चात महू रोड स्थित फव्वारा चौक पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।


प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती यास्मीन शेरानी के नेतृत्व में महिला कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पहले जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे, जहां राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार सुश्री मीनाक्षी नटराजन का नामांकन कथित रूप से नियमों के विपरीत निरस्त किया गया, जिससे निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हुए हैं। ज्ञापन में इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।


ज्ञापन सौंपने के बाद महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महू रोड स्थित फव्वारा चौक पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल की व्यापक तैनाती रही तथा एहतियात के तौर पर दो फायर ब्रिगेड वाहन भी मौके पर मौजूद रहे। इसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।


इस अवसर पर प्रदेश सचिव रानी राजीव देवदा, पार्षद आशा रावत, भावना पेमाल, कविता महावार, नीलोफर खान, केसर बाई, पूर्व पार्षद नजमा बेलूत, हिना शेख, आरिफा कच्छवाहा, शांति बाई, रेखा सोलंकी, राजा प्रजापत, रहीसा बी, तबसूम, रानी गोस्वामी, नेहा परिहार, फूला बाई, कांति बाई, जशोदा देवी, मीना सोलंकी, ताज मंसूरी, मुमताज बी सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।


कार्यक्रम में शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा, पूर्व अध्यक्ष महेंद्र कटारिया, शैलेंद्र सिंह अठाना, शहर महासचिव हितेश पेमाल, ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप राठौर, मेहमूद शेरानी, सतीश पुरोहित, फैयाज मंसूरी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सैय्यद वुसत जैदी, पार्षद नासिर कुरैशी, वाहिद शेरानी, शहर महासचिव बसंत पंड्या, राजीव रावत, इक्का बेलूत, रमेश पोरवाल, विजय उपाध्याय, सोनू व्यास, हेमंत नेका, रोहित मीणा, इकरार चौधरी, विजय स्टीफन, आर्यन खान, शाकिर खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


ज्ञापन में उठाई गई प्रमुख मांगें

महिला कांग्रेस द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि राज्यसभा उम्मीदवार का नामांकन निरस्त किए जाने की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए, लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखी जाए तथा संविधान और महिलाओं के राजनीतिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था को लोकतंत्र की आधारशिला बताते हुए राष्ट्रपति से उचित हस्तक्षेप की मांग भी की गई।