{"vars":{"id": "115716:4925"}}

हर्षोल्लास के साथ मनाई गई माँ गायत्री जयंती, वैदिक ऋचाओं का हुआ उद्घोष

​​​​​​​

 

रतलाम,24 जून (इ खबर टुडे ) । गायत्री शक्तिपीठ डोंगरे धाम शंकरगढ़ पर बड़े ही हर्षोल्लास के साथ माँ गायत्री की जयंती मनाई गई। अखिल विश्व गायत्री परिवार की रतलाम शाखा के परिजनों ने वैदिक ऋचाओं के संगीतमय उद्घोष के साथ समस्त देवताओं को आव्हान करते हुए पंच कुण्डीय गायत्री महायज्ञ सम्पन्न किया।

 यज्ञ में याजकों ने गायत्री महामंत्र, महामृत्युंजय मंत्र एवं नवग्रह देवताओं के मंत्रों के साथ विश्व कल्याण की भावना के साथ यज्ञाहुतियाँ दी।  गायत्री परिवार के मीडिया प्रभारी पं. शिवपाल छप्री ने बताया की गायत्री परिवार नगर ट्रस्ट के अध्यक्ष पं. पातीराम शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर वेदमाता गायत्री का पूजन किया और  यज्ञ अनुष्ठान प्रारंभ कराया। 

पर्व पूजन एवं यज्ञ संचालन आचार्य नरेन्द्र पाठक तथा पं. शिवपाल छप्री ने किया। जबकि आचार्य जवाहरलाल राणा ने प्रज्ञा गीतों की प्रस्तुति के साथ यज्ञ को संगीतमय रूप प्रदान किया। प्रज्ञा गीतों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को गायत्री भक्ति रस मे डुबो दिया। 

गायत्री परिवार द्वारा चलाए जा रहें संस्कार परम्परा के पुनर्जीवन अभियान में बिटिया समीक्षा सैनी का जन्मदिन संस्कार तथा अग्रज परिजन पं. पातीराम शर्मा - लक्ष्मी देवी शर्मा एवं युवा कार्यकर्ता अनिल सैनी - ऋतु सैनी का विवाह वर्षगाँठ मनाया गया। 

सभी परिजनों का मंत्रोच्चार एवं स्वस्तिवाचन करते हुए पुष्पवर्षा से अभिनंदन किया गया। मिशन के समयदानी अग्रज कार्यकर्ता गोपाल सिंह तोमर को संस्था में समर्पित सेवाओं के लिए, और शान्तिकुञ्ज से गायत्री शक्तिपीठ पर नियुक्त किए गये परिव्राजक हुकमचन्द भारव्दाज का स्वागत, अभिनंदन, सम्मान किया गया। गायत्री जयंती के पूर्व दिवस मंगलवार को गायत्री शक्तिपीठ पर सुबह से शाम तक 12 घंटे का अखण्ड जाप रखा गया था।


आयोजन का सफल बनाने में युवा प्रकोष्ठ प्रदेश प्रभारी विवेक चौधरी,  जिला समन्वय समिति के सह समन्वयक डाँ.आई.पी. त्रिवेदी, महेश गोयल, लालाशंकर पाटीदार, एम.एम. साहू, गोपालसिंह तोमर, श्यामलाल भावसार, कृष्णवल्लभ मेहता, अशोक देवडा, सुरेन्द्रसिंह ठाकुर, शभ्भुलाल पाटीदार, छमकलाल पाटीदार, राजेश भाटी, रजनी छप्री, प्रेमलता (डोली)साहु, ऋतु सैनी, गोपीदेवी शर्मा, सुशीला वर्मा, डाँ. शशि त्रिवेदी, लक्ष्मी शर्मा, निलीमा तोमर, दीपाली भाटी, रेखा सोलंकी, रीना कुमावत, वर्षा छपोला, सीमा कुमावत सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र से बड़ी संख्या में गायत्री परिजन एवं नागरिक सम्मिलित हुए।