{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 रतलाम में बेखौफ बदमाशों का तांडव: पीएनटी कॉलोनी में दो सूने मकानों के ताले तोड़े, शोर मचाने पर रहवासियों पर किया पथराव

 

 

​रतलाम, 04 सितंबर (इ खबर टुडे)। शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों से आमजन में दहशत का माहौल है और पुलिस की गश्त व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। बेखौफ हो चुके बदमाश अब चोरी के साथ-साथ रहवासियों पर हमला करने से भी नहीं डर रहे हैं। ताजा मामला औद्योगिक थाना क्षेत्र की पीएनटी कॉलोनी का है, जहां गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया।

स्थानीय रहवासियों के अनुसार, रात में हथियारबंद तीन बदमाश पीएनटी कॉलोनी में घुसे। बदमाशों ने सबसे पहले एक सूने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सामान अस्त-व्यस्त करते हुए खंगाला। इसके बाद वे दूसरे सूने मकान को निशाना बनाने लगे।

​जागे तो करने लगे पथराव

जब बदमाश दूसरे मकान का ताला तोड़ रहे थे, तभी पड़ोसी कैलाश महावर की नींद खुल गई। उन्होंने दरवाजा खोलकर देखा तो बदमाश नजर आए। खतरा भांपते हुए उन्होंने तुरंत दरवाजा बंद किया और शोर मचाना शुरू कर दिया।

​आसपास के लोगों के जागने और शोर मचाने के बावजूद बेखौफ बदमाशों में कोई डर नहीं दिखा। भागने के बजाय उन्होंने रहवासियों पर पथराव शुरू कर दिया और पथराव करते हुए मौके से फरार हो गए।

​CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

बदमाशों की यह निडरता और पथराव करने की पूरी घटना क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके में तलाश अभियान चलाया, लेकिन रात में बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका।

​शहर में दहशत का माहौल, पुलिस गश्त पर सवाल

गौरतलब है कि दो दिन पहले भी जावरा रोड स्थित लेनार्ड सिटी में इसी तरह चोरी की नीयत से आए बदमाशों ने रहवासियों के शोर मचाने पर पथराव किया था। शहर में लगातार आधा दर्जनों से अधिक चोरी और प्रयास की घटनाएं सामने आने से लोगों में आक्रोश है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।