{"vars":{"id": "115716:4925"}}

शराब माफिया के हौसले बुलंद: अवैध शराब पकड़ने गए खातेगांव TI दिलीप पुरी को ट्रक ने कुचला, मौके पर शहादत

हरदा से गुजरात ले जाए जा रहे अवैध शराब से भरे ट्रक को पकड़ने के दौरान हुआ हादसा
 
अकेले मोर्चा संभाल रहे थे TI दिलीप पुरी, झूमाझटकी के बाद ड्राइवर ने दौड़ाया ट्रक

देवास, 02 नंबर (इ खबर टुडे /ब्रजेश परमार)। जिले के खातेगांव थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने गए थाना प्रभारी (TI) दिलीप पुरी शराब माफिया के ट्रक की चपेट में आने से शहीद हो गए। बेखौफ तस्करों ने वाहन रोकने का प्रयास कर रहे TI को बेरहमी से कुचल दिया, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद से पुलिस महकमे में भारी शोक और आक्रोश का माहौल है।

देर रात देवास मुखबिर से सूचना मिली थी कि हरदा से अवैध शराब से भरा ट्रक MP 43 H 4786 गुजरात की ओर जा रहा है। इस पर कन्नौद, सतवास, नेमावर और खातेगांव TI को अलर्ट किया। हरदा-नेमावर हाईवे पर जाल बिछाया गया।

इसी दौरान ट्रक ड्राइवर एक ढाबे पर पानी पीने रुका। खातेगांव TI दिलीप पुरी ने अकेले मोर्चा संभालते हुए ड्राइवर को नीचे उतरने को कहा। इसी बीच झूमा-झटकी हुई और बेखौफ ड्राइवर ने ट्रक दौड़ा दिया। TI नीचे गिर गए और ट्रक का पिछला पहिया उनके शरीर पर से निकल गया, मौके पर ही शहादत हो गई। पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है।

शहीद TI दिलीप पुरी 2007 बैच के SI थे, इंदौर के हीरानगर-चंदन नगर में भी रहे, 2 महीने पहले ही खातेगांव आए थे। पार्थिव शरीर को देवास जिला अस्पताल लाया गया, जहां से अंतिम संस्कार के लिए धार जिले के बरमंडल, राजोद ले जाया जाएगा। SP आदित्य मिश्रा खुद देर रात मौके पर पहुंचे।