{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 8-लेन एक्सप्रेसवे पर बिखरी मिली शराब, पेड़ से टकराया वाहन; 1.60 लाख की शराब जब्त

 

 

​रतलाम,16 सितम्बर (इ खबर टुडे)। रतलाम के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत 8-लेन एक्सप्रेसवे पर बीती रात गश्त के दौरान सड़क किनारे बड़ी मात्रा में शराब की बोतलें बिखरी मिलने का मामला सामने आया है। NHAI (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) के कर्मचारियों ने पेट्रोलिंग के दौरान देखा कि सड़क किनारे शराब के क्वार्टर पड़े हैं और कुछ स्थानीय लोग उन्हें उठाकर ले जा रहे थे। इसकी सूचना तुरंत औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस को दी गई।

​सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को घटनास्थल पर एक वाहन पेड़ से टकराया हुआ मिला और उसके अवशेष आसपास पड़े थे। सड़क किनारे बोरी और खुले में 180ml के करीब 900 से अधिक क्वार्टर (लगभग 9 से 10 पेटी शराब) बिखरे पड़े मिले। जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 60 हजार रुपये बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शराब चंडीगढ़ निर्मित बताई जा रही है।

​मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी एवं औद्योगिक थाना प्रभारी गायत्री सोनी पुलिस टीम के साथ दोबारा घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि दुर्घटनाग्रस्त वाहन की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में पता चला है कि वाहन झाबुआ रोड की ओर जा रहा था। मामले में औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​"NHAI कर्मचारियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। सड़क किनारे बिखरी 900 से अधिक शराब की बोतलों को जब्त किया गया है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। मौके पर मिले वाहन के अवशेषों और CCTV फुटेज की मदद से पूरे मामले का पता लगाया जा रहा है।"
— गायत्री सोनी, डीएसपी एवं थाना प्रभारी, औद्योगिक क्षेत्र थाना, रतलाम