{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 बिबड़ौद की पेट्रोल पाइप लाइन में हुआ रिसाव,तत्काल पहुंचे बचाव और राहत दल,स्थिति नियंत्रण में  

 इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने किया मॉक ड्रिल का आयोजन 
 
 

रतलाम 23 मार्च(इ खबर टुडे)। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के पाइप लाइन विभाग, द्वारा  कोयली-रतलाम पाइपलाइन की सुरक्षा तैयारियों का आकलन करने हेतु आज 23 मार्च को ग्राम बिबडोद रतलाम में  पाइपलाइन के 247 किलोमीटर (चेनाज) बिंदु पर ऑफ-साइट मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया।

         
मॉक ड्रिल के दौरान तेल रिसाव की आपात स्थिति का अभ्यास किया गया। सूचना प्राप्त होते ही सहायक प्रबंधक एवं उनकी टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का त्वरित आकलन किया। टीम द्वारा क्षेत्र की बैरिकेडिंग कर उसे सुरक्षित किया गया तथा आसपास उपस्थित ग्रामीणों एवं कामगारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। फायर ब्रिगेड एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं को भी तत्काल मौके पर बुलाया गया।

           
प्राथमिक उपचार प्रदान करने के पश्चात घायल व्यक्ति को निकटतम अस्पताल भेजा गया। पुलिस एवं प्रशासन की टीम ने भी समय पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। इस मॉक ड्रिल में जिला प्रशासन, फायर ब्रिगेड, एस डी ई आर एफ एवं इंडियन ऑयल की टीम ने सक्रिय भागीदारी निभाई तथा उत्कृष्ट समन्वय और तत्परता का प्रदर्शन किया।

          
कार्यक्रम में एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव ने संबोधित करते हुए कहा कि माकड्रील निरंतर करते रहना चाहिए, इससे आपदा की तैयारियो एवं संसाधनों का निरंतर अभ्यास होता है। जिससे आपदा के समय क्विक रिस्पांस एवं आपसी समन्वय से राहत कार्य आसानी से करने मे मदद मिलती है। मॉकड्रिल डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेन्ट होमगार्ड रोशनी बिलवाल सहित प्रशासनिक  अधिकारियों तथा ग्रामीणों की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को पाइपलाइन सुरक्षा, आपातकालीन परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों एवं आवश्यक सुरक्षा उपायों के बारे में जागरूक किया गया। अंत में सभी विभागों एवं सहयोगी टीमों को सफल आयोजन हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया गया।