{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 रतलाम में अनुकरणीय पहल: स्वर्गीय संजय राव का देह मेडिकल कॉलेज को सौंपा गया

 
 

रतलाम, 31 मार्च (इ खबर टुडे)। समाजसेवा की मिसाल पेश करते हुए राव परिवार ने एक बार फिर मानवता का संदेश दिया है। स्वर्गीय संजय राव (उम्र 50 वर्ष) के आकस्मिक निधन के बाद उनके परिवार ने उनकी देह चिकित्सा शिक्षा के लिए समर्पित कर दी।

काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के सचिव गोविंद काकानी ने जानकारी देते हुए बताया कि इससे पहले 20 दिसंबर 2024 को स्वर्गीय श्रीमती भानुमति राव (उम्र 72 वर्ष) का भी देहदान किया गया था। अब संजय राव की इच्छा के अनुरूप उनकी बहू नमिता राव ने देहदान के लिए संपर्क कर इस पुनीत कार्य को आगे बढ़ाया।

प्रक्रिया पूरी करने के लिए आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कराई गईं और डॉक्टर लक्ष्मीनारायण पांडे मेडिकल कॉलेज में डीन डॉ. अनीता मुथा, शरीर रचना विभाग प्रभारी डॉ. राजेंद्र सिंगरौले एवं उनकी टीम ने तत्परता से देहदान की प्रक्रिया संपन्न कराई। दोपहर 4 बजे परिवारजनों—शैलेंद्र, महेश, नमिता राव सहित अन्य सदस्यों की उपस्थिति में देह मेडिकल कॉलेज को सौंपा गया।

इस अवसर पर डीन डॉ. अनीता मुथा ने कहा कि राव परिवार द्वारा किया गया यह कार्य मेडिकल विद्यार्थियों के प्रैक्टिकल अध्ययन में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। वहीं, गोविंद काकानी ने इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए परिवार की सराहना की।

शरीर रचना विभाग के प्रभारी डॉ. राजेंद्र सिंगरौले ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए देहदान के महत्व पर प्रकाश डाला और परिवार व संस्था का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर, स्टाफ, छात्र-छात्राएं तथा काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के सदस्य उपस्थित रहे। जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया तथा दो मिनट का मौन रखकर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।

विशेष बात यह रही कि 30 मार्च को रतलाम में एक ही दिन में तीन देहदान की स्वीकृति मिली, जो शहर के लिए एक उत्कृष्ट और प्रेरणादायक उदाहरण है।